सरस्वती शिशु /विद्या मंदिर रतलाम में वार्षिक परीक्षा परिणामोत्सव – 2026 मनाया गया

रतलाम। सरस्वती शिशु /विद्या मंदिर काटजू नगर रतलाम में आज वार्षिक परीक्षा परिणाम उत्सव मनाया गया । जिसमें सरस्वती शिशु शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सखलेचा ने कहा कि परीक्षा परिणाम के साथ सभी एक्टिविटी महत्वपूर्ण होती है। सभी गैर सरकारी संस्था में सबसे ज्यादा बड़ी संस्था सरस्वती शिशु मंदिर है जो संस्कार व आधुनिकता का संगम है व जिसमें विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान दिया जाता है।

समिति के सचिव श्री शैलेंद्र सुरेका ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल राष्ट्र स्तर की संस्थान नहीं है बल्कि विश्व के चार देशों में विद्या भारती के माध्यम से सरस्वती शिशु मंदिर संचालित हो रहे हैं व विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य कर रहे है। हमारे विद्यालय में अति शीघ्र सी. बी. एस. ई. शिक्षा पद्धति लागू होने जा रही है।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वत्सला रूनवाल ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि हम अपने पाल्य की उन्नति में सहभागिता करेंगे तो निश्चित ही हम विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास के अपने उद्देश्य में सफल हो पाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन व पूजन अर्चन कर किया। अतिथि परिचय श्री अरविंद मिश्रा ने दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरस्वती शिशु शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सकलेचा, सचिव श्री शैलेंद्र सुरेका व प्राचार्या श्रीमती वत्सला रूनवाल ने विद्यालय के चमकते सितारे व कक्षा नर्सरी से लेकर चतुर्थी,षष्ठी, सप्तमी तक व नवमी, एकादशी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले भैया /बहिनों की सम्मानित किया । विद्यालय की ओर से प्राथमिक विभाग से सर्वज्ञ द्विवेदी 97 %, माध्यमिक विभाग से विशाखा नागरु 96% , हाई स्कूल से उन्नति चौहान 95. 17 %एवं हायर सेकेंडरी से अंश पाटीदार 89. 60% अंक प्राप्त करने पर विद्यालय रत्न से पुरस्कृत किया गया। अनुशासन, स्वच्छता, शुद्ध लेखन व समय पालन में उत्कृष्टता दिखाने वाले भैया-बहिन को भी पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर सभी आचार्य /दीदी, भैया /बहिन एवं अभिभावक गण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन दीप्ति त्रिवेदी ने किया व आभार पूजा जोशी दीदी ने प्रेषित किया।

Play sound