एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब एवं रतलाम पुलिस विभाग के सामाजिक उद्देश्य के तहत उद्योग–समाज समन्वय से रोजगार, व्यक्तित्व विकास एवं प्रशिक्षण पर जोर

रतलाम। जिला रतलाम पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक लाल के निर्देशन में पुलिस उप अधीक्षक सुश्री अनिशा जैन द्वारा शनिवार को उद्योग भवन, औद्योगिक क्षेत्र स्थित उद्योग संवाद केंद्र (ICC) में एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब (ECC) के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ईसीसी के संदीप व्यास (अध्यक्ष, संभागीय उद्योग संघ), वरुण पोरवाल (प्रदेश सचिव, मालवा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज) एवं वैभव कुमार जैन (अध्यक्ष, नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर एसोसिएशन) ने बताया कि इस प्रमुख चर्चा का मुख्य उद्देश्य भौतिक एवं आर्थिक तौर पर पिछड़े व्यक्तियों महिला एवं पुरुषों को रोजगार सृजन की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा आवश्यक प्रशिक्षण के माध्यम से उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान को सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस उप अधीक्षक सुश्री अनिशा जैन ने आश्वस्त किया कि उद्योगों में रोजगार प्रदान करने से पूर्व संबंधित व्यक्तियों की आवश्यक पुलिस जांच एवं डिक्लेरेशन की प्रक्रिया विभाग द्वारा सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण की जाएगी, जिससे उद्योगों को विश्वसनीय एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सके। बैठक में यह भी सहमति बनी कि रतलाम उद्योग जगत एवं पुलिस प्रशासन के समन्वय से ईसीसी द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर इच्छुक व्यक्तियों को विभिन्न कौशल विकास के अवसर प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे औद्योगिक इकाइयों में सुगमता से कार्य कर सकें।
ECC के सभी प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग एवं हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उद्योग संचालन के साथ सामाजिक उत्थान भी उद्योगपतियों का कर्तव्य है एवं पुलिस प्रशासन के इस प्रयास में ईसीसी द्वारा कंधे से कंधा मिलाकर सामाजिक उत्थान उद्देश्य को पूर्ण किया जाएगा, यह प्रयास न केवल समाज के वंचित वर्ग के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि उद्योगों को प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार कार्यबल उपलब्ध कराने की दृष्टि से भी लाभकारी सिद्ध होगा। इस अवसर पर ललित चोपड़ा, चंद्रप्रकाश अवतानी, रत्नेश सेठिया एवं अन्य उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *