नगर के मार्गो से निकलेगी जनदर्शन यात्रा तैयारी को लेकर बैठक आज

उज्जैन। धर्मराज चित्रगुप्त के नाम से हम जिन्हें पूजते है वह ब्रह्मांड में जीवन यापन करने वाले समस्त जीवों के कर्मों का हिसाब किताब रखते है । ऐसा कोई प्राणी नही जिसके कर्म की गणना भगवान चित्रगुप्त के खाते में न लिखी गई हो । वैशाख शुक्ल गंगा सप्तमी 23 अप्रैल को भगवान श्री चित्रगुप्त का प्राकट्य उत्सव नगर में धूम धाम से मनाया जाएगा । प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी भगवान अपने भक्तों को दर्शन देने रथ में विराजित होकर नगर के मार्गो से निकलते हुए मोक्ष दायिनी मां क्षिप्रा तट श्री चित्रगुप्त घाट पर पहुंचेंगे। जिसकी समस्त व्यवस्थाओं को लेकर आज एक महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है ।
कायस्थ समाज अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि समस्त प्राणियों के कर्मों का हिसाब किताब रखने वाले कुल आराध्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी का प्राकट्य दिवस 23 अप्रैल को आ रहा है । समाज की ओर से प्राकट्य उत्सव मनाया जाता है। प्राकट्य दिवस पर जनदर्शन यात्रा एवं कुटुंब रसोई का आयोजन किया जाता है ।जिसकी व्यवस्थाओं की तैयारी को लेकर समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आज रविवार को प्रातः 11 बजे सांदीपनी कॉलेज बैंक आफ इंडिया के पीछे दशहरा मैदान पर रखी गई है । श्रीमती अनुपमा श्रीवास्तव ने सभी समाज जनों से बैठक में उपस्थित होने की अपील की है ।