सांसद निधि से उपरवाड़ा को विकास की नई सौगात

7.50 लाख से बनेगा आधुनिक सामुदायिक भवन, ग्रामीणों में खुशी की लहर

जावरा (अभय सुराणा) । विधानसभा क्षेत्र की तहसील पिपलोदा अंतर्गत ग्राम पंचायत उपरवाड़ा को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। गांव में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह द्वारा सांसद निधि से 7 लाख 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
यह मांग जनपद पंचायत अध्यक्ष योगेंद्र सिंह सोलंकी द्वारा प्रमुखता से उठाई गई थी। ग्रामीणों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सांसद दिग्विजय सिंह ने इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए राशि को मंजूरी प्रदान की।
ग्राम पंचायत द्वारा सामुदायिक भवन का निर्माण उपयुक्त स्थान पर किया जाएगा, जिससे गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए एक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्थल उपलब्ध हो सकेगा।
जनपद अध्यक्ष योगेंद्र सिंह सोलंकी ने इस स्वीकृति पर सांसद दिग्विजय सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य ग्राम विकास को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
वहीं, ग्रामीणों में इस निर्णय को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल गांव के विकास के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Play sound