रतलाम में 11 अप्रैल को होगा प्रोग्रेसिव पेंशनर्स का 22वां वार्षिक सम्मेलन

रतलाम। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन (म.प्र.) जिला रतलाम द्वारा 22वां वार्षिक पेंशनर्स मिलन/मैत्री जिला सम्मेलन एवं साधारण सभा का आयोजन 11 अप्रैल 2026, शनिवार को किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन प्रातः 10:30 बजे से कृष्ण-भवन, बरबड़ हनुमान मंदिर, सैलाना रोड, रतलाम में होगा।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन भोपाल के प्रांतीय अध्यक्ष ओमप्रकाश बुधोलिया रहेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों द्वारा पेंशनर्स हितों, संगठन की गतिविधियों तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
संगठन के अध्यक्ष कीर्ति कुमार शर्मा एवं गीता राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ पेंशनर्स साथियों का आयुष स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा (पूर्व में सम्मानित पेंशनर्स को छोड़कर)। साथ ही वर्ष 2025 का आय-व्यय पत्रक प्रस्तुत किया जाएगा तथा वर्षभर में जिला शाखा रतलाम द्वारा किए गए कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
संगठन द्वारा जिले के समस्त पेंशनर्स साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। इस अवसर पर पेंशनर्स एकता के नारों के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प भी लिया जाएगा।
कार्यकारी अध्यक्ष एम.एल. भट्ट, उपाध्यक्ष हरिश बिंदल, सचिव एम.एल. नगावत एवं जयवंत गुप्ते, प्रवक्ता प्रमोद व्होरा, प्रचार-प्रसार सचिव दुर्गेश सुरोलिया, कोषाध्यक्ष प्रेम बेनावत सहित आशा श्रीवास्तव, रणजीतसिंह राठौर और जितेन्द्रसिंह भूरिया ने भी पेंशनर्स से सम्मेलन में उपस्थित होने का आव्हान किया।

Play sound