रतलाम 12 अप्रैल। उप संचालक कृषि श्री आर.के.सिंह ने बताया कि ई विकास प्रणाली के तहत अब किसान घर बैठे अपने मोबाइल फोन से ई टोकन बुक कर सकेगें। इस टोकन के जरिए किसान को चुने गये विकल्प के स्थान पर खाद तुरंत मिलेगी।
सहकारी समितियों के सदस्यों को समिति से खाद का वितरण होगा। वही जो किसान समिति सदस्य नहीं है। उन्हें भी टोकन जारी होगा। इसी टोकन के जरिए निजी दुकानदार एवं नगद विक्रय केन्द्र से खाद तुरंत मिलेगी। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा खाद वितरण की पारदर्शी व्यवस्था के संबंध में सभी समितियों/ खाद विक्रेताओं एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिये गये है। 01 अप्रैल से जिले में खाद का शत प्रतिशत वितरण ई-विकास प्रणाली के जरिए ही किया जाना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जावेगी।
अभी 50 प्रतिशत, बाद में बची खाद मिलेगी खरीफ सीजन के लिए किसानों को रकबे के अनुसार निर्धारित मात्रा का 50 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। फिर बचा हुआ हिस्सा आने वाले महीनों में इसी तरह ई-टोकन के जरिए मिलेगा।
किसान अपने मोबाईल फोन से पोर्टल पर टोकन जनरेट करेंगें। समिति सदस्यों को संबंधित समिति के स्टॉक की जानकारी के साथ उन्हें मिलने वाली निर्धारित मात्रा का 50 प्रतिशत आवंटन जारी होगा। इस टोकन को दिखाते ही उन्हें खाद मिलेगा। वहीं गैर सदस्यों को नजदीकी निजी क्षेत्र की दुकान की जानकारी उपलब्ध होने के साथ निर्धारित मात्रा अंकित वाला टोकन मिलेगा।
सभी को मिलेगी खाद, पोर्टल पर मिलेगी विकल्प
समिति के सदस्य, गैर सदस्य, बटाईदार, सिकमी वाले या किसी ट्रस्ट या मंदिर को दान में मिली जमीन पर किसानी करने वाले सभी किसानों को खाद ई-टोकन से मिलेगी। पोर्टल पर सभी तरह के विकल्प मिलेगे। अपनी पात्रतानुसार किसान को विकल्प का चयन करना होगा। पात्रतानुसार ही किसानों को खाद आसानी से उपलब्ध होगा ।