जैन राजनैतिक चेतना मंच की विशेष बैठक चांदखेड़ी में संपन्न, हुकुम जैन ‘काका’ को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित

चांदखेड़ी/इंदौर (राजेश जैन दद्दू)। जैन राजनीतिक चेतना मंच मध्यप्रदेश-राजस्थान शाखा की कोर कमेटी की एक विशेष बैठक विश्व प्रसिद्ध अतिशय क्षेत्र चांदखेड़ी, राजस्थान के सुसज्जित सभागार में आयोजित हुई। मंच के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजे जैन दद्दू ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति एवं ध्वनिमत से कोटा जैन समाज के रत्न, अतिशय क्षेत्र चांदखेड़ी के अध्यक्ष एवं मंच के वर्तमान राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष श्री हुकुम जैन ‘काका’ को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष जैन काला, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश जैन चेलावत सहित दोनों राज्यों के लगभग सभी वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता मंच के राष्ट्रीय महामंत्री ललित जैन ने की। मुख्य अतिथि के रूप में समाज गौरव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंच के परम संरक्षक प्रदीप जैन आदित्य मौजूद थे।

तीन वर्षों से निष्क्रिय मंच को सक्रिय करने पर मंथन
बैठक में विगत तीन वर्षों से मंच की सक्रियता में आई कमी पर गहन विचार-विमर्श हुआ। उल्लेखनीय है कि जैन राजनैतिक चेतना मंच की स्थापना सन 2007 में समग्र जैन समाज को सक्रिय राजनीति में भाग लेने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई थी। प्रारंभिक तीन कार्यकालों में लोकसभा-विधानसभा में समाज का प्रतिनिधित्व 50 से अधिक था तथा मध्यप्रदेश में जैन समाज के 6 मुख्यमंत्री रहे। परंतु धीरे-धीरे लोकसभा, विधानसभा, स्थानीय निकायों, आयोगों एवं राष्ट्रीय दलों के संगठनों में जैन समाज का प्रतिनिधित्व नगण्य हो गया।

जनगणना में ‘जैन’ लिखने का आह्वान
बैठक में आगामी जनगणना को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मुख्य अतिथि प्रदीप जैन आदित्य एवं राष्ट्रीय महामंत्री ललित जैन ने आह्वान किया कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति जनगणना फॉर्म के धर्म के कॉलम में ‘जैन’ ही लिखे, हिंदू नहीं। बताया गया कि समाज की वास्तविक जनसंख्या लगभग 4 करोड़ है, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में मात्र 45 लाख दर्शाई जाती है, क्योंकि अधिकांश लोग धर्म के कॉलम में हिंदू लिख देते हैं। जबकि जैन समाज स्वतंत्र अल्पसंख्यक समुदाय है। इसके लिए समाज की लगभग 250 संस्थाओं को भी सूचित कर जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से समाज को लोकसभा, विधानसभा एवं आयोगों में समुचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष की सहमति
वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष गजराज जी गंगवाल ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि मंच को सक्रिय बनाने के लिए यदि सर्वानुमति से यह कदम उठाया जाता है तो स्वागत योग्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि श्री प्रदीप जैन आदित्य, ललित जैन, हुकुम जैन काका, सुभाष जैन काला एवं मुकेश जैन चेलावत दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में जाकर नए पदाधिकारियों की घोषणा करवाएं।

ये रहे उपस्थित
बैठक में प्रधानमंत्री नीति आयोग की सदस्य अर्चना जैन खुरई, भिंड बीजेपी महिला उपाध्यक्ष राजकुमारी जैन, प्रदेश कार्याध्यक्ष हसमुख जैन गांधी, होलाश राय जैन सोनी, महामंत्री कमलेश जैन कासलीवाल, मनीष जैन सोगानी, दिगंबर जैन महासमिति के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र जैन पांड्या, दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं पूर्व डीआईजी अनिल जैन, प्रदेश कोषाध्यक्ष अमिताभ मनयां जैन, सह कोषाध्यक्ष देवेंद्र छाबड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष देवचंद्र जैन, पूर्व प्राचार्य अभय जैन, सोशल ग्रुप फेडरेशन मध्य रीजन अध्यक्ष आदित्य मनयां जैन सहित सैकड़ों प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक का शुभारंभ बाबा आदिनाथ के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण से हुआ। संचालन प्रदेश अध्यक्ष सुभाष जैन काला ने किया एवं आभार प्रदेश कोषाध्यक्ष अमिताभ मनयां जैन ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *