राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में योजना की रूपरेखा बनी
रतलाम 26 अप्रैल । आज राज्य पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान, वैशाली नगर, भोपाल में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित मुख्यमन्त्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु दो दिवसीय राज्य स्तरीय “सी.एम. सोशल इन्टर्न प्रशिक्षण कार्यशाला” के समापन सत्र में परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा उन्हें समाज के उत्थान के लिए प्रशिक्षित करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया l
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा मुख्यमन्त्री के आव्हान पर आगामी 25 मई गंगा दशहरा को प्रदेश की लगभग दस हजार पंचायतों में जल गंगा संवर्धन अभियान के अन्तर्गत ग्राम की प्राचीन जल संरचनाओं (बावड़ी, कुएं, सरोवर, तालाब) से कलश यात्राएँ निकाली जायेगी । इसके पूर्व जल संरचनाओं की स्वच्छता कर उनका पूजन किया जायेगा । इस अभियान में परिषद की नवांकुर सखियों के नेटवर्क के साथ ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी होगी । कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से आये युवाओं से जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़ने का आग्रह किया ।