घोष की धुन पर निकला राष्ट्र सेविका समिति का पथ संचलन

नारी शक्ति ने कदम से कदम मिलाकर दिया अनुशासन और संगठन का संदेश, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर

हुआ स्वागत

जावरा (अभय सुराणा) । राष्ट्र सेविका समिति द्वारा शुक्रवार शाम नगर में विशाल पथ संचलन निकाला गया। घोष की धुन पर कदम से कदम मिलाकर चलती सेविकाओं ने अनुशासन, एकता और संगठन शक्ति का परिचय दिया। एक जैसी वेशभूषा में हाथों में दंड थामे महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं के इस संचलन ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
पथ संचलन का शुभारंभ दादावाड़ी रोड स्थित बीएलएम पैलेस से हुआ। यहां से संचलन मंडी रोड, सुतारीपुरा, आजाद चौक, नीम चौक, कोठी बाजार, घंटाघर, बजाजखाना, चूड़ी बाजार और जवाहर पथ सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः बीएलएम पैलेस पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर सेविकाओं का स्वागत किया।

घंटाघर चौराहे पर भाजपा नगर मंडल ने किया स्वागत
पथ संचलन के दौरान घंटाघर चौराहे पर भाजपा नगर मंडल की ओर से पुष्पवर्षा कर संचलन का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला महामंत्री महेश सोनी, नगर अध्यक्ष राजेश शर्मा, सुभाष टुकड़िया, शरद डूंगरवाल, पार्षद रजत सोनी, मनीष ऊंटवाल, शिखर धारीवाल, मनोहर पांचाल, संदीप रांका, मुकेश भाटी, चंद्रप्रकाश सोलंकी सहित अन्य उपस्थित रहे।

पथ संचलन से पूर्व हुआ बौद्धिक कार्यक्रम
पथ संचलन से पूर्व बीएलएम पैलेस परिसर में बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र सेविका समिति के उल्लेखनीय कार्यों पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन, संगठन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर विचार व्यक्त किए गए। इस अवसर पर ध्वजारोहण भी किया गया।
घोष की लयबद्ध धुन, सेविकाओं की कदमताल और अनुशासित पंक्तियों ने पूरे नगर में आकर्षण का वातावरण निर्मित किया। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग भी सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *