राठौड तेली समाज के उत्थान में रहा महत्वपूर्ण योगदान, सामूहिक विवाह से लेकर मंदिर और धर्मशाला के निर्माण में किया सहयोग

रतलाम 23 अक्टूबर। मानव सेवा समिति योगशाला, कॉलेज रोड पर योगशाला के पुराने सदस्य एवं समाजसेवी श्री रणछोड़ लाल चौहान के 92 वर्ष की उम्र में निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित सदस्यों ने स्वर्गीय चौहान को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सामाजिक योगदान और सेवाभावी व्यक्तित्व का स्मरण किया।
योगशाला के संचालक दिनेश वाघेला ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वर्गीय रणछोड़लाल चौहान के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि चौहान साहब बीएसएनएल में सीनियर सब-डिवीजन इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई और जीवन भर समाज एवं समाज जनों की हर संभव सहायता की।
राठौड तेली समाज के लिए उनके योगदान को याद करते हुए बताया गया कि उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन भी संपन्न हुए। उन्होंने समाज के मंदिर एवं धर्मशाला के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया तथा समाज के उत्थान और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहे। उनके सामाजिक कार्य और सहयोग की भावना सदैव स्मरणीय रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में योग गुरु रामबाबू यादव, हरीश पाहुजा, अशोक तिवारी, बाबूलाल सिसोदिया, सुभाष चौहान, नारायण पाटीदार सहित मानव सेवा समिति योगशाला के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।