वर्षों पुरानी इच्छा हुई पूरी, श्रीमती निर्मला देवी ने लिया देहदान का संकल्प

दादी से प्रेरित होकर पोती कीर्ति तोमर ने भी लिया देहदान का संकल्प

रतलाम 23 अक्टूबर। लंबे समय से देहदान संकल्प पत्र भरने की इच्छा रखने वाली जवाहर नगर निवासी श्रीमती निर्मला देवी की वर्षों पुरानी इच्छा समाजसेवी गोविंद काकानी के प्रयासों से पूरी हुई। घर पर ही संकल्प पत्र भरने की प्रक्रिया पूरी होने पर निर्मला देवी भावुक हो गईं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनकी मनोकामना पूरी हो गई है।
काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी ने बताया कि रेलवे कर्मचारी संजय सिंखेड़कर के आग्रह पर वे तत्काल देहदान संकल्प पत्र लेकर निर्मला देवी के जवाहर नगर स्थित निवास पर पहुंचे। वहां उपस्थित सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी जितेंद्र सिंह तोमर, विजयता जितेंद्र सिंह तोमर एवं पोती कीर्ति तोमर की सहमति से संकल्प पत्र भरने की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस पुनीत कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार की उपस्थिति में रेलवे विभाग द्वारा निर्मला देवी का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके पश्चात डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज के मानव संरचना विभाग के प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंगरौले एवं डीन डॉ. अनीता मुथा के सहयोग से परिचय पत्र बनवाकर परिवार को सौंपा गया।
अपनी दादी के इस प्रेरणादायी निर्णय से प्रभावित होकर पोती कीर्ति तोमर ने भी भविष्य में देहदान करने का संकल्प लिया। निर्मला देवी का यह कदम समाज में देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मेडिकल विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए सहयोग देने की दिशा में प्रेरणादायी पहल है।अंत में श्रीमती निर्मला देवी एवं उनके परिवार ने इस पुनीत कार्य को संपन्न करवाने में सहयोग देने के लिए काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी एवं रेलवे कर्मचारी संजय सिंखेडकर का आभार माना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *