ऑपरेशन मुस्कान में रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता : अपहृत नाबालिक बालिका 03 घंटे में सकुशल दस्तयाब

जिले में अप्रैल माह में अभी तक 42 बच्चों को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

रतलाम 26 अप्रैल । पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार के मार्गदर्शन में जिले में “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुम एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में थाना आलोट पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई, जहां दिनांक 25.04.2026 को कस्बा आलोट क्षेत्र से अपहृत हुई एक नाबालिक बालिका को पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 03 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस की तत्परता एवं समन्वित प्रयासों के कारण बालिका को बिना किसी अप्रिय घटना के सकुशल बरामद किया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उप निरीक्षक मनोज पाटीदार, आरक्षक रोनक पोरवाल, आरक्षक बाबूलाल, आरक्षक अंकित काला एवं महिला आरक्षक सुनीता का सराहनीय योगदान रहा।
ऑपरेशन मुस्कान – जिले में संचालित ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत अप्रैल माह में अब तक कुल 42 गुम एवं अपहृत बालक-बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया गया है, जिससे अनेक परिवारों के चेहरों पर पुनः मुस्कान लौटाई गई है। थाना स्तर पर भी इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया गया है, जिसमें थाना बिलपांक पुलिस द्वारा 07 बालिकाओं, थाना रावटी द्वारा 06 बालिकाओं तथा थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम द्वारा 04 बालिकाओं को सफलतापूर्वक दस्तयाब किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound