मानव सेवा का बना महातीर्थ : दलोदा में डायलिसिस सेंटर व जैन दिवाकर संत सेवा तीर्थ का भव्य लोकार्पण

जावरा ( अभय सुराणा)। दलोदा स्थित जैन दिवाकर रमेश संत सेवा तीर्थ में मानव सेवा और धर्म साधना का अनुपम संगम देखने को मिला, जहां “मानव सेवा कल्प तरु डायलिसिस सेंटर” एवं “जैन दिवाकर रमेश संत सेवा तीर्थ” का भव्य लोकार्पण समारोह श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह में देशभर से आए संतगण, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों गुरु भक्तों की उपस्थिति ने आयोजन को गौरवमयी बना दिया।कार्यक्रम आल इंडिया जैन कांन्फ्रेंस ट्रस्ट बोर्ड दिल्ली के अध्यक्ष श्री रमेश भण्डारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों में इन्दौर प्रेस्टीज ग्रुप के ऑनर लाला नेमीनाथ जैन, दीपीन सौ, रणू जैन, मन्दसौर के समाजसेवी आनन्दीलाल कोमल दुग्गड़, डॉ. राजुल चौधरी, राजेन्द्र डाकोलिया, रोटरी क्लब अध्यक्ष भूपेन्द्र सोनी, महामंत्री कपिल भण्डारी, झोन अध्यक्ष संजय गोठी, अचल चौधरी, प्रकाश भटेवरा, आई.एम. सेठिया, चितौड़ के राकेश मेहता तथा जैन दिवाकर डायलिसिस सेंटर इन्दौर के रवि बाफना सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

समारोह श्रमण संघीय प्रवर्तक श्री विजय मुनि, उपाध्याय डॉ. गौतम मुनि जी, उप प्रवर्तक श्री अरुण मुनि जी, उप प्रवर्तक श्री चन्द्रेश मुनि जी, आगम मनीषी श्री वैभव मुनि जी एवं महासती अनुष्ठान आराधिका डॉ. कुमुदलता जी आदि ठाणा चार के पावन सानिध्य में सम्पन्न हुआ। गुरु भक्तों की जयकारों और मंगल ध्वनि से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा।आल इंडिया जैन कांन्फ्रेंस के वरिष्ठ मार्गदर्शक सुजानमल कोचट्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन प्रज्ञा महर्षि पूज्य प्रवर्तक श्री रमेश मुनि जी एवं एकांतर तपधारी आगम मनीषी श्री वैभव मुनि जी के दीक्षा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए ट्रस्ट बोर्ड अध्यक्ष श्री रमेश भण्डारी, क्षेत्रीय सांसद सुधीर कुमार गुप्ता एवं विधायक विपीन जैन ने कहा कि यह सेवा केंद्र समाज के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है। यहां स्थापित 12 अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों के माध्यम से किडनी रोगियों को मात्र 300 रुपये में डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही दर्शनार्थ आने वाले अतिथियों के भोजन, आवास एवं संत-सतियों की शुद्ध वैयावृत व्यवस्था भी यहां रहेगी।श्री रमेश भण्डारी ने कहा कि दलोदा का यह सेवा तीर्थ पूज्य प्रवर्तक श्री रमेश मुनि जी की दिव्य प्रेरणा और आशीर्वाद से विकसित हुआ है। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले उदारमना भामाशाहों का शाल, श्रीफल एवं मोतियों की मालाओं से अभिनंदन किया।

प्रवर्तक श्री विजय मुनि, उपाध्याय डॉ. गौतम मुनि जी तथा महासती डॉ. कुमुदलता जी सहित संत-सतियों ने अपने प्रेरक प्रवचनों में मानव सेवा को ही सच्ची प्रभु सेवा बताते हुए समाजजनों को उदार भाव से सहयोग करने की प्रेरणा दी। दोनों संत महापुरुषों की दीक्षा जयंती पर अनेक श्रावक-श्राविकाओं ने भी सेवा कार्यों के लिए सहयोग राशि देने की घोषणाएं कीं।

भगवान महावीर स्वास्थ्य एवं डायलिसिस सेंटर तथा जैन दिवाकर संत सेवा तीर्थ के अध्यक्ष रमेश भण्डारी, राजू संचेती, अशोक मोगरा एवं शिशिर पटना ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अनुष्ठान आराधिका महासती डॉ. कुमुदलता जी ने किया। अंत में गुरुदेव की महामांगलिक एवं गौतम प्रसादी के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound