मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा सेतु अभियान अंतर्गत नामली में शिविर संपन्न

  • उद्यमी एवं कृषक संवाद में आधुनिक खेती और नए उद्यम अपनाने का दिया संदेश
  • जन संवाद में नागरिकों ने बताई समस्याएं, कलेक्टर ने दिए निराकरण के निर्देश
  • जनसुनवाई के साथ हुआ जन संवाद, स्टॉल के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ

रतलाम 3 अक्टूबर । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु अभियान अंतर्गत नामली के नई बस स्टैंड परिसर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनसुनवाई के साथ जन संवाद का आयोजन हुआ। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, विधायक श्री मथुरा लाल डामोर, सएडीएम सुश्री आरची हरित, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अनीता परिहार, जनपद अध्यक्ष श्रीमती जायसवाल, उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर ने किया।

उद्यमी एवं कृषक संवाद में आधुनिक खेती और नए उद्यम अपनाने का संदेश
शिविर के दौरान उद्यमी संवाद एवं कृषक संवाद भी आयोजित किया गया। उद्यमी श्री फकीरचंद मालवीय, श्री ईश्वर पाटीदार एवं श्री जगदीश धाकड़ ने अपने उद्यम एवं आधुनिक खेती के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं से नए-नए उद्यम अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन द्वारा उद्यमिता के क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ युवाओं को लेना चाहिए। नामली आईटीआई के प्राचार्य श्री असलम अंसारी ने कौशल उन्नयन एवं प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी दी।

जन संवाद में नागरिकों ने बताई समस्याएं, कलेक्टर ने दिए निराकरण के निर्देश
जन संवाद एवं जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने विद्युत व्यवस्था, नामांतरण, भूमि का हक दिलाने, गरीबी रेखा कार्ड, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि, भूमि सर्वे में त्रुटि सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। भूमि संबंधी शिकायतों पर उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा महिलाओं को दिए गए अधिकार उन्हें दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता के बीच संवाद और समस्याओं के समाधान का माध्यम है जन विश्वास शिविर : विधायक श्री डामोर
विधायक श्री मथुरा लाल डामोर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर जनता के बीच संवाद का कार्यक्रम है। शिविर के माध्यम से जनता अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखती है और उनके निराकरण की दिशा में कार्यवाही की जाती है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिल रही है तथा सरकार द्वारा गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य यह है कि नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ मिले और अधिक से अधिक पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *