त्रिवेणी मेला 15 दिवसीय करने तथा उद्यान का नामकरण कन्हैयालाल उग्र करने का सुझाव- श्री  सनातन धर्म सभा एवं महारुद्र यज्ञ समिति

रतलाम 26 नवम्बर। त्रिवेणी तट पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले मेले का विस्तार करते हुए इसे 10 दिन के स्थान पर 15 दिवसीय करने के सुझाव को लेकर श्री सनातन धर्म सभा एवं महारुद्र यज्ञ समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका निगम रतलाम के महापौर श्री प्रहलाद जी पटेल से मिलकर इस संबंध में तत्काल कदम उठाने तथा नगर पालिका निगम द्वारा इस संबंध में इसी वर्ष से कार्यवाही प्रारंभ करने का निवेदन किया है।
प्रतिनिधिमंडल ने महापौर जी को अवगत कराया कि गत दिवस समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक में सभी सदस्यों की आम राय थी कि अमावस्या के पश्चात 3-4 दिन बाद भी मेला यथावत चलता रहता है। जिसमें न केवल रतलाम शहर बल्कि आसपास की सुदूर ग्रामीण इलाके की जनता न केवल श्रद्धा भाव से मेले में भाग लेती है बल्कि इस मेले में उपस्थित होकर अपने घरेलू तथा अन्य अनेक प्रकार की विविध आवश्यक सामग्री बड़े पैमाने पर खरीदी करते हैं। ऐसे में इसका विस्तार व्यापक हित में है।
समिति सदस्यों ने महापौर को बताया कि वर्तमान में मेला छठ तिथि से प्रारंभ होता है, उसे एकम की तिथि से अमास्या तक 15 दिन का किया जाना नगर पालिका निगम के भी आर्थिक हित में रहेगा। समिति सदस्यों ने बताया कि समिति के इस निर्णय की जानकारी मेयर परिषद के सदस्यों को भी दी जा चुकी है।
अध्यक्ष अनिल झालानी, डॉ. राजेन्द्र शर्मा, नवनीत सोनी, राजेश दवे, पुष्पेन्द्र जोशी, लालचंद टांक, बंसीलाल शर्मा, कैलाश झालानी, चेतन शर्मा, नारायण राठौड़, सुरेश दवे आदि सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में पारित इस प्रस्ताव की जानकारी भी महापौर जी को दी कि मेला स्थल पर हाल ही में विकसित किया जा रहे हैं उद्यान का नामकरण सनातन गौरव स्व. श्री कन्हैयालाल जी उग्र के नाम पर किया जावे।
सनातन धर्मावलंबियों की यह भावना है कि नगर पालिका के पूर्व पार्षद श्री उग्र जी द्वारा रतलाम शहर में सनातन धर्म के लिए किए गए गौरवपूर्ण कार्यों की स्मृति स्वरूप इस उद्यान हुए को उनके योगदान के प्रति नामकरण करना तथा उनकी प्रतिमा स्थापित करना नगरवासियों की उनकी प्रति सच्ची श्रद्धांजलि रहेगी।
इस पर महापौर श्री पटेल द्वारा उपस्थित सदस्यों को इन प्रस्तावों के संबंध में उचित परीक्षण कराकर योग्य कार्यवाई करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *