मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मतदान हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए

रतलाम 03 अक्टूबर । मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छूटे हुए एवं पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। रतलाम एनआईसी में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया एवं अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत मौजूद रहे।
अभियान के तहत 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम फोटो निर्वाचक नामावली में शामिल किए जाएंगे। जिले की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 219-रतलाम ग्रामीण (अजजा), 220-रतलाम सिटी, 221-सैलाना (अजजा), 222-जावरा एवं 223-आलोट (अजा) में 28 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान में निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रारूप-6 में आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। साथ ही एसआईआर में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान निरसित किए गए मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं दोहरी प्रविष्टियों वाले नामों का प्रत्येक बीएलओ द्वारा पुनः सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन में पात्र पाए जाने पर संबंधित मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *