कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने की फोर-लेन निर्माण की समीक्षा

रतलाम, 15 मई। रतलाम-खाचरौद मार्ग को जावरा-उज्जैन ग्रीनफिल्ड हाई-वे से जोड़ने की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा जल्द क्रियान्वित होने वाली है। इस योजना के तहत फोर-लेन विकसित कर रतलाम-खाचरौद मार्ग को ग्रीनफिल्ड हाई-वे से जोड़ा जाएगा। शुक्रवार को म.प्र. सड़क विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को प्रस्तावित मार्ग निर्माण की योजना से अवगत कराया।
श्री काश्यप ने ले-आउट देखने के बाद कुछ सुधार के साथ डी.पी.आर. तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री काश्यप को एमपीआरडीसी के डिविज़नल मैनेजर विजय सिंह ने बताया कि जावरा-उज्जैन ग्रीनफिल्ड हाई-वे से जोड़ने के लिए रतलाम-खाचरौद मार्ग फोर-लेन बनेगा। आबादी क्षेत्र वाले गांव में इसे बाहर से बायपास डालकर निकाला जाएगा। श्री काश्यप ने प्रेजेंटेशन देखने के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एमपीआरडीसी के एजीएम अमित भूरिया आदि मौजूद रहे। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 220 करोड़ की लागत से रतलाम-खाचरौद फोर-लेन निर्माण कर उसे जावरा-उज्जैन ग्रीनफिल्ड हाई-वे से जोड़ने की घोषणा की थी।