मंडल रेल प्रबंधक द्वारा 42 रेल कर्मचारियों को ‘रेल सेवा पुरस्कार-2025’ से सम्मानित सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र, मेमेंटो के साथ मिला जामुन का पौधा

रतलाम । रतलाम मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत रेल कर्मचारियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देते हुए, दिनांक 22 मई 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रतलाम के एनेक्सी हॉल में “रेल सेवा पुरस्कार-2025” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत मंडल के कलाकारों द्वारा एक संक्षिप्त सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री कुमार ने कहा कि रतलाम मंडल के जिन 42 रेलकर्मियों को आज सम्मानित किया जा रहा है, उन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। किसी ने संरक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है, तो किसी ने परिचालन में दक्षता लाई है; कुछ कर्मचारियों ने यात्री सुविधाओं में सुधार किया, वहीं अन्य ने राजस्व वृद्धि में विशेष योगदान दिया। यह पुरस्कार केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि उस टीम का भी है, जिसके साथ मिलकर उन्होंने यह कार्य किया है। इसलिए मैं आज समस्त टीम को भी इस सम्मान का भागीदार मानता हूँ।
इस अवसर पर इंजीनियरिंग, परिचालन, वाणिज्य, यांत्रिक (डिजल सहित), रेलवे सुरक्षा बल, सिग्नल एवं दूरसंचार, कार्मिक, चिकित्सा, स्टोर, विद्युत, सामान्य प्रशासन तथा मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कुल 42 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम में एक विशेष नवाचार करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने हेतु प्रत्येक पुरस्कार प्राप्तकर्ता को जामुन का एक पौधा भी भेंट स्वरूप दिया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री अक्षय कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री कुंजीलाल मीणा पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा एवं संगठन की अन्य सदस्याएं, मंडल के सभी शाखाधिकारी, अधिकारीगण एवं सम्मानित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound