इंदौर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में रतलाम समर्पण परिवार के सदस्यों का हुआ सम्मान

रतलाम । इंदौर के मदन मोहन सभा भवन में आयोजित 9वें मल्टीपल कन्वेंशन एवं इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में रतलाम समर्पण परिवार के सदस्यों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। सम्मेलन में देश-विदेश से आए विभिन्न सामाजिक एवं सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सेवा, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा मानवीय मूल्यों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर समाजसेवा, मानव कल्याण, ध्यान एवं आध्यात्मिक जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। रतलाम समर्पण परिवार की ओर से सुलोचना शर्मा, वीणा छाजेड़, रीता दीक्षित, अर्चना अग्रवाल, एहतेशाम अंसारी, मूबीना गोरी तथा अन्य सदस्य सम्मेलन में उपस्थित रहे।
सम्मेलन में रतलाम की वरिष्ठ समाजसेवी यास्मीन शेरानी को पर्यावरण संरक्षण, पॉलीथीन उन्मूलन अभियान, वृक्षारोपण एवं हरित पर्यावरण के संरक्षण हेतु किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर संस्था के सदस्यों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण रहा। कार्यक्रम में लायंस इंटरनेशनल के डायरेक्टर मनोज शाह, इंटरनेशनल सेक्रेटरी मनीषा जी तथा वरिष्ठ लायन कुलभूषण मित्तल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने समाजहित एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सम्मानित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
यास्मीन शेरानी ने बताया कि वे कई वर्षों से लगातार पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। पाँच बार पार्षद रहने के दौरान उन्होंने शहर के अनेक उद्यानों एवं हरित क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके द्वारा लगाए गए छोटे-छोटे पौधे आज विशाल वृक्षों का रूप ले चुके हैं, जिनकी नियमित देखरेख भी की जाती है। उन्होंने बताया कि बंजर भूमि पर भी लगभग 15 हजार पौधों का रोपण किया गया था, जो अब विकसित होकर वृक्ष बन चुके हैं।
सम्मेलन के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों ने आयोजकों को बधाई देते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बताया।