गंगा दशहरा पर 25 मई को होंगे जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत विशेष कार्यक्रम

रतलाम 24 मई। गंगा दशहरा के अवसर पर जिलेभर में 25 मई को “जल गंगा संवर्धन अभियान” अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जल संरक्षण और जल संवर्धन को लेकर जनभागीदारी आधारित गतिविधियां संचालित होंगी।
अभियान के प्रथम चरण में श्रमदान के माध्यम से कुओं, बावड़ियों, तालाबों, नहरों एवं अन्य जल संरचनाओं की साफ-सफाई और पुनर्जीवन कार्य किए जाएंगे। साथ ही घाटों की स्वच्छता, रिचार्ज पिट निर्माण तथा जल स्रोतों के संरक्षण से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
द्वितीय चरण में सायं काल गंगा दशहरा विषय पर आधारित सांस्कृतिक संध्या एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा आमजन की सहभागिता रहेगी।