नगर परिषद अध्यक्ष ट्रॉफी सीजन-2 के समापन पर बड़ावदा किंग इलेवन को मिला एक लाख का पुरस्कार


बड़ावदा (शिरीष सकलेचा) नगर परिषद बड़ावदा द्वारा आयोजित “अध्यक्ष ट्रॉफी सीजन-2” बड़ावदा प्रीमियर लीग के ट्रॉफी एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन मंगलवार को माहेश्वरी धर्मशाला में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत सीएमओ मनोज कुमार शर्मा एवं ध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र कुमावत ने किया।
नगर परिषद ने दिया प्रतिभाओं को मंच-गेहलोत
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक जितेंद्र गहलोत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनके पिता एवं राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा बड़ावदा को स्टेडियम की सौगात दी गई थी। हमारा यही प्रयास है कि क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिले। नगर परिषद अध्यक्ष कल्पना कुमावत ने अध्यक्ष ट्रॉफी के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया है। विशेष अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए खिलाड़ियों को विजय मंत्र बताए।
आठ टीमों ने लिया था भाग
टूर्नामनेट प्रभारी महेश गहलोत, शैलू व्यास, रवि लावरे ने बताया कि रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया, जिनमें बड़ावदा सुपर किंग, बड़ावदा रॉयल चैलेंजर, बड़ावदा सुपर जॉइंट्स, बड़ावदा इंडियन, बड़ावदा टाइटन, बड़ावदा किंग राइडर, बड़ावदा नाइट राइडर एवं बड़ावदा किंग इलेवन शामिल रही।
फाइनल मुकाबले में बड़ावदा किंग इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को एक लाख रुपए नगद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता बड़ावदा नाइट राइडर को पचास हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं मैन ऑफ द मैच को 11 हजार रुपए का पुरस्कार अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया। सभी विजेताओं, अच्छा प्रदर्शन करने वालेखिलाड़ियों को ट्राफी, प्रमाणपत्र दिए गए। संचालन शिरीष सकलेचा ने किया, आभार नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र कुमावत ने माना।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष रशीद पठान, सरपंच संघ अध्यक्ष जीवनसिंह चौहान, जिला योजना समिति सदस्य अनिल अवस्थी, कांग्रेस नेता राधेश्याम चौहान ,बाबूलाल कुमावत, एल्डरमैन मांगीलाल अजमेरा, अशोक हिंगड मंचासीन थे। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, नगरवासी आदि उपस्थित थे।