
गंगापुर सिटी। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप, गंगापुर सिटी द्वारा रेलवे स्टेशन पर गत 18 वर्षों से संचालित निःशुल्क जल सेवा निरंतर जारी है। “आपकी यात्रा, हमारी सेवा” के संकल्प के साथ यह सेवा रेल यात्रियों के बीच एक मिसाल बन चुकी है।
सेवा का स्वरूप:
प्रतिदिन सांय 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक ग्रुप के सदस्य एवं उनके परिवारजन स्टेशन पर उपस्थित रहकर यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध कराते हैं। इसके अतिरिक्त दिनभर सेवादार जल सेवा में तैनात रहते हैं। सेवा में 4 दर्जन से अधिक जल सेवक साथी, महिलाएं एवं बच्चे भी सक्रिय सहयोग करते हैं।
प्रतिदिन हजारों लीटर शीतल जल का वितरण किया जाता है, जिससे हजारों रेलयात्रियों को राहत मिलती है। विशेष बात यह है कि जल सेवा के साथ-साथ जल सेवक प्लेटफार्म की सफाई का भी ध्यान रखते हैं और नियमित सफाई करते हैं।
सहयोग एवं मार्गदर्शन:
इस पुनीत कार्य में शहर के समाजसेवियों का भी निरंतर सहयोग प्राप्त होता है।
पदाधिकारीगण का कहना है:
अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या ने बताया कि मानव सेवा ही माधव सेवा है। सचिव महेश जैन एवं कोषाध्यक्ष सुभाष जैन सोगानी के निर्देशन में यह कार्य संचालित है। जल सेवा संयोजक धर्मेंद्र जैन पांड्या तथा सहसंयोजक योगेंद्र जैन एवं दीपक गोयल के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता सेवा भाव से जुटे हैं।
अपील:- ग्रुप ने शहरवासियों से भी इस सेवा में सहयोग की अपील की है।