162 श्रद्धालुओं ने पूर्वजों को अर्पित की श्रद्धांजलि, कल से करेंगे शक्ति की आराधना

रतलाम। “पितरों को श्रद्धा दीजिए, वो आपको शक्ति देंगे” के सिद्धांत का अनुसरण करते हुए गायत्री शक्तिपीठ शंकरगढ़ पर 162 श्रद्धालुओं ने श्राद्ध पक्ष के अंतिम दिवस सर्वपितृ अमावस्या पर्व पर तर्पण किया गया। उल्लेखनीय है कि गायत्री परिवार की रतलाम शाखा द्वारा प्रतिवर्षानुसार सम्पूर्ण जिले के विभिन्न स्थानों पर निशुल्क सामूहिक श्राद्ध तर्पण के कार्यक्रम सम्पन्न करवाए गए है। इसमें तर्पण में लगने वाली सामग्री भी गायत्री परिवार द्वारा उपलब्ध करवाई जाती है।
गायत्री परिवार के विवेक चौधरी एवं शिवपाल छपरी ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को गायत्री शक्तिपीठ शंकरगढ़ रतलाम पर प्रातः 8 बजे पहले गायत्री यज्ञ तथा उसके पश्चात श्राद्ध तर्पण किया गया। जिसमें 162 श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित की। गायत्री परिवार के आचार्यद्वय दामोदर प्रसाद शर्मा एवं महेश चौहान द्वारा कर्मकांड सम्पन्न करवाया गया। जबकि ट्रस्ट अध्यक्ष पातीराम शर्मा सहित नरेंद्र पाठक, सुरेंद्र जोशी, शंभूलाल पाटीदार, राजेश भाटी, अशोक कुमावत, विकास शैवाल, इंदु तिवारी, विजय सिंह चौहान, हुकुमचंद भारद्वाज इत्यादि ने उपस्थित रहकर आयोजन हेतु व्यवस्था में सहयोग दिया।
गायत्री परिवार जिला समन्वयक दामोदर प्रसाद शर्मा एवं ट्रस्ट अध्यक्ष पातीराम शर्मा ने यह भी बताया कि श्राद्ध पक्ष के समापन के साथ ही गायत्री परिवार द्वारा नवरात्रि पर्व में शक्ति की साधना और आराधना का क्रम प्रारम्भ होने जा रहा है। जहाँ नियमित रूप से सामूहिक और व्यक्तिगत रूप से गायत्री साधना का अनुष्ठान किया जाएगा। विचार क्रांति अभियान के अंतर्गत ज्ञानयज्ञ की आहुतियाँ दी जाएगी। कालिका माता मेला प्रांगण में आधे मूल्य पर पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सद्साहित्य उपलब्ध करवाया जाएगा। साहित्य में सामाजिक आध्यात्मिक धार्मिक वैचारिक तथा स्वास्थ्य एवं छात्र वर्ग के विषयों के साथ साथ अन्य शीर्षकों की पुस्तकें रहेंगी। इस ज्ञानयज्ञ का प्रभार मदन मोहन साहू एवं प्रेमलता साहू के पास रहेगी तथा अन्य परिजन अपनी सेवाएं देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *