हैलॉन्ग बे क्रूज से लेकर बा ना हिल्स और विनवंडर्स पार्क तक सदस्यों ने लिया रोमांचक पर्यटन का आनंद


रतलाम। जैन सोशल ग्रुप रतलाम ग्रेटर के 82 सदस्यों की वियतनाम यात्रा 28 सितंबर से 8 अक्टूबर तक उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ सम्पन्न हुई। इस विदेश यात्रा में सदस्यों ने वियतनाम के प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहरों, रोमांचक पर्यटन स्थलों और आधुनिक मनोरंजन के अनूठे अनुभव प्राप्त किए।
11 दिनों की इस यात्रा में ग्रुप के सदस्यों ने वियतनाम के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर वहां की प्राकृतिक छटा, संस्कृति और आकर्षक जीवनशैली को करीब से जाना। यात्रा का प्रमुख आकर्षण हैलॉन्ग बे क्रूज रहा, जहां समुद्र के बीच ऊंची-ऊंची चट्टानों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों ने सभी का मन मोह लिया। लुओग गुफा के भ्रमण ने भी यात्रियों को प्रकृति के अद्भुत नजारों का अनुभव कराया। वहीं हनोई सिटी के भ्रमण के दौरान सदस्यों को वियतनाम की ऐतिहासिक विरासत और शहरी जीवन को जानने का अवसर मिला।
यात्रा के अगले पड़ावों में फू क्वोक द्वीप ने अपने खूबसूरत समुद्री तटों और प्राकृतिक वातावरण से सभी को आकर्षित किया। यहां स्थित विनवंडर्स पार्क में सदस्यों ने मनोरंजन और रोमांच से भरपूर गतिविधियों का आनंद लिया। विनपर्ल सफारी का भ्रमण भी यात्रा के विशेष आकर्षणों में शामिल रहा, जहां वन्यजीवों को देखने का अनुभव यात्रियों के लिए यादगार बना।
इसके पश्चात दा नांग और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया गया। बा ना हिल्स की मनमोहक पहाड़ियां, आकर्षक वास्तुकला और प्रसिद्ध गोल्डन ब्रिज जैसे दर्शनीय स्थल यात्रा के अविस्मरणीय अनुभवों में शामिल रहे। वहीं मार्बल माउंटेन की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक-ऐतिहासिक महत्व ने भी यात्रियों को प्रभावित किया।इस यात्रा की विशेषता केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि सदस्यों के बीच आपसी प्रेम, आत्मीयता और पारिवारिक सौहार्द भी रहा। हंसी-मजाक, सामूहिक गतिविधियों और साथ बिताए खुशनुमा पलों ने यात्रा को और भी यादगार बना दिया।
ग्रुप अध्यक्ष श्री सन्दीपजी चौरड़िया के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में यात्रा संयोजक श्री जितेन्द्रजी लुनिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सदस्यों के सहयोग, उत्साह और सामूहिक सहभागिता ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। सभी 82 यात्रियों के लिए यह भ्रमण अनेक सुखद स्मृतियां लेकर आया, जो लंबे समय तक उनकी यादों में संजोया रहेगा। यह जानकारी ग्रुप सचिव यशवन्त पावेचा ने दी ।