रतलाम मंडल के आरपीएफ ग्राउंड पर DRM कप-2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन

रतलाम, 30 मई। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में समय-समय पर खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में रतलाम मंडल के आरपीएफ ग्राउंड पर DRM कप-2026 लेदर बॉल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अभियंता (निर्माण) श्री मीर सिंह, आरडीएसए के खेल सचिव श्री पीयूष पाण्डे एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सोमनाथ गायकवाड़ की उपस्थिति में हुआ।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में दाहोद ने उज्जैन को 12 रन से पराजित किया। दाहोद के राजा ने 34 रन की शानदार पारी खेली तथा उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। दूसरे मुकाबले में चित्तौड़गढ़ ने ऑफिसर इलेवन को 6 विकेट से हराया। चित्तौड़गढ़ के अजय मीणा को उनके उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। अगले दिन खेले गए मैच में रॉयल इंदौर ने इंदौर स्ट्राइकर को 9 विकेट से पराजित किया। रॉयल इंदौर के शादाब खान ने 52 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी लिए तथा ‘मैन ऑफ द मैच’ बने।
DRM कप-2026 का फाइनल मुकाबला 01 जून 2026 को आरपीएफ ग्राउंड, रतलाम में खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों में खेल भावना, टीम वर्क एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है।

Play sound