नगर निगम द्वार से हर द्वार योग की गंगा का हुआ शंखनाद

महापौर प्रहलाद पटेल के नेतृत्व में 49 वार्डों में 11 दिवसीय निःशुल्क योग महोत्सव का शुभारंभ

रतलाम 11 जून । 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम रतलाम एवं पतंजलि योगपीठ के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम परिसर से 49 वार्डों में आयोजित होने वाले 11 दिवसीय निःशुल्क योग महोत्सव का भव्य शुभारंभ महापौर प्रहलाद पटेल द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, भारत माता पूजन, दीप प्रज्वलन एवं शंखनाद के साथ किया गया।
नगर निगम कार्यालय परिसर के प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर परिशद सदस्य अक्षय संघवी, पार्शद परमानन्द योगी, श्रीमती निषा सोमानी, नागरिक एवं महर्षि संजय शिवशंकर दवे, भागवत चार्य पं. चेतन शर्मा योग साधकों पतंजलि परिवार के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, निरोगी और संस्कारित समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है। नगर निगम द्वारा 49 वार्डों में योग शिविरों का आयोजन पूरे देश के लिए प्रेरणादायी पहल है।”
कार्यक्रम में पतंजलि युवा भारत मध्यप्रदेश के राज्य प्रभारी प्रेम पुनिया ने योगाभ्यास एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण देते हुए योग को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर मंचासीन भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जिला प्रभारी डॉ. उत्तम शर्मा, पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी अपार उपाध्याय, युवा भारत जिला प्रभारी विशाल कुमार वर्मा, महिला पतंजलि योग समिति राज्य संवाद प्रभारी पिस्ता यादव जय श्री राठौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का योग सेवा सम्मान भी किया गया।
महापौर ने सभी वार्डों में योग शिक्षक, योग मित्र एवं पतंजलि योग सेवकों के माध्यम से योग की अलख जगाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक घर तक योग पहुँचाने के लिए यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेगा। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस महोत्सव में अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु वार्ड पार्षदों एवं पतंजलि परिवार की कोर कमेटी सक्रिय भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम का संचालन विशाल कुमार वर्मा ने किया। अंत में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जिला प्रभारी डॉ. उत्तम शर्मा ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे जनहितकारी एवं स्वास्थ्य संवर्धन कार्यों की सराहना करते हुए महापौर प्रहलाद पटेल एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
योगमय रतलाम संकल्प के साथ 49 वार्डों में योग की गंगा प्रवाहित करने का यह अभियान अब जन-जन तक स्वास्थ्य, संस्कार और स्वाभिमान का संदेश पहुँचाएगा पतंजलि के योग शिक्षक भाई बहनों की सहभागिता अहम भूमिका निभाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound