
रतलाम 13 जुलाई। शहर में आगामी चातुर्मास 2026 को लेकर जैन समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कर्नाटक गजकेसरी, घोर तपस्वी गणेशलाल जी महाराज साहब की आज्ञानुवर्तिनी, वर्धमान आयंबिल तपोनिधि एवं जिनशासन प्रभाविका, मधुर व्याख्यानी परम पूज्या महासाध्वी प्रफुल्ला जी महाराज साहब आदि ठाणा-5 का पावन चातुर्मास वर्ष 2026 में रतलाम में संपन्न होने जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में श्री जैन दिवाकर नवयुवक मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर आगामी तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
वर्तमान अध्यक्ष आशीष कटारिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि चातुर्मास की सभी तैयारियाँ पूरी टीम भावना के साथ सुचारु रूप से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार तन-मन-धन से समर्पित रहने का आग्रह किया। अध्यक्ष श्री कटारिया ने बताया कि बालक मंडल एवं नवयुवक मंडल के अंतर्गत जो भी बालक या युवा प्रतिक्रमण सूत्र कंठस्थ (याद) करेगा, उसे नवयुवक मंडल द्वारा विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
नवयुवक मंडल के कोषाध्यक्ष अरिहंत बोराणा ने बताया कि आगामी 19 जुलाई को पूज्य महाराज साहब का नीम चौक स्थानक में मंगल प्रवेश होगा। इसके अगले दिन, यानी 20 जुलाई को सामूहिक आयंबिल तप का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही, इस वर्ष नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर को और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया है।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष विनोद बाफना, विनोद कटारिया, पंकज पटवा एवं रितेश मूणत ने आगामी चातुर्मास की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में श्री संघ के संघ रत्न इंदरमल जैन, संघ गौरव महेंद्र बोथरा, मणीलाल कटारिया (कलमोड़ा वाले), पी. के. जैन, अजय खीमेसरा, जयंतीलाल डांगी सहित कई गणमान्य नागरिक आमंत्रित सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
नवयुवक मंडल की ओर से पंकज पटवा, प्रितेश कटारिया, प्रत्युष चौधरी एवं महावीर कटारिया सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में नवयुवक मंडल के महामंत्री वीरेंद्र कटारिया ने सभी आगंतुकों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।