

जावरा (अभय सुराणा) । जावरा न्यायालय परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पानी प्याऊ के समीप स्थित आधार कार्ड बनाने वाले कार्यालय की छत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारी एवं आधार कार्ड बनवाने आए लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत गिरते ही तेज आवाज हुई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कार्यालय को खाली कराया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं है और सभी लोग बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि भवन की जर्जर स्थिति अथवा लगातार हो रही बारिश के कारण छत कमजोर होकर गिर गई। हालांकि छत गिरने के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने न्यायालय परिसर सहित पुराने सरकारी भवनों की तकनीकी जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।