- गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर दूर-दूर से आएंगे भक्त
- बाल सत्य साधना शिविर का भी होगा आयोजन
- पिंटू स्वामी की होगी भजन संध्या

जावरा । सद्गुरुदेव, जंगम युगप्रधान, वृहद् भट्टारक, खरतरगच्छाधिपति जैनाचार्य 1008 श्रीपूज्य श्री जिनचंद्र सूरि जी महाराज साहब के पावन पदार्पण से मालव की पुण्यधरा को गुरुकृपा एवं दिव्य स्पर्शना का मंगल सौभाग्य प्राप्त होने जा रहा है।
आगामी 24 जुलाई को श्रीपूज्य गुरुदेव के साथ सान्निध्यवर्ती भावी श्रीपूज्य श्री अमृत सुंदर जी महाराज साहब, यति श्री सुमति सुंदर जी महाराज साहब तथा आर्या श्री समकित प्रभा श्रीजी महाराज साहब का जावरा नगरी में मंगल पदार्पण होगा। इस अवसर पर खरतरगच्छ उपाश्रय में श्रीपूज्य गुरुदेव की पावन निश्रा एवं श्रीसंघ की उपस्थिति में प्रथम दादा गुरुदेव श्री जिनदत्त सूरि जी महाराज साहब के 872वें स्वर्गारोहण दिवस पर श्रद्धापूर्ण गुणानुवाद सभा आयोजित की जाएगी।
आयोजन समिति के अजय धारीवाल, शैलेश चोपड़ा, मीडिया प्रभारी शिरीष सकलेचा ने बताया कि 25 जुलाई को प्रातः 9 बजे अंबिका रिसोर्ट में श्रीपूज्य गुरुदेव का मंगल प्रवेश होगा। इस अवसर पर दादा गुरुदेव गुणांजलि कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रमों की शृंखला में 27 जुलाई को श्रीपूज्य गुरुदेव के मंगल सान्निध्य में ‘बाल सत्य साधना शिविर’ आयोजित होगा। 28 जुलाई की संध्या में भाव-भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें परम गुरुभक्त सिद्धार्थ डागा ‘पिंटू स्वामी’ अपनी भक्तिमय प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति-रस का अमृतपान कराएंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुति का होगा आयोजन
श्रीपूज्य गुरुदेव के शिक्षा एवं संस्कार गुरु, स्वतंत्रता सेनानी यति श्री यतनलाल जी महाराज साहब के 50वें पुण्य-स्मरण वर्ष महोत्सव के अंतर्गत ‘परतंत्रता से परम मुक्ति’ शीर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति का मंचन भी किया जाएगा।
29 जुलाई को प्रातः 9 बजे से गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। इसके पश्चात सहधर्मी वात्सल्य रखा गया है। खरतरगच्छ श्रीसंघ एवं सुराणा परिवार -अंबिका रिसोर्ट परिवार की ओर से समस्त श्रद्धालुजनों को सभी आयोजनों में सहभागी होकर धर्मलाभ प्राप्त करने हेतु भावपूर्ण आमंत्रण दिया गया है। आयोजन का लाभ सुराणा परिवार ने लिया है।