
रतलाम। सागौद रोड स्थित, समता इंटरनेशनल स्कूल, रतलाम एवं म.प्र. परशुराम कल्याण बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद की 120वीं जयंती अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री महेशजी पालीवाल (संयोजक, भारतीय जनता पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ, मध्यप्रदेश) रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं चंद्रशेखर आज़ाद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
अतिथियों का स्वागत श्री कनक मूणत एवं श्री अनुराग लोखंडे ने अपने स्वागत उद्बोधन के माध्यम से किया। डॉ. गीता दुबे ने अपने प्रेरणादायी वक्तव्य में चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन, उनके अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम एवं बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संदेश दिया। छात्र छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, देशभक्ति समूहगान की प्रस्तुति एवं ओजस्वी भाषण दिये गए।
विद्यालय के प्राचार्य तौसीफ इफ्तेखार अहमद खान ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को “राष्ट्र कर्तव्य शपथ” दिलाई तथा राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प कराया। कार्यक्रम के अंत में श्री अजय तिवारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समता इंटरनेशनल स्कूल के श्री कमल पिरोदिया, श्री धीरजलाल मूणत, श्री मोहनलाल पिरोदिया एवं श्री राजेंद्र घोटा, म.प्र. परशुराम कल्याण बोर्ड से श्री सुनील दुबे, श्री चैतन्य शर्मा, श्री सत्येंद्र जोशी, श्री प्रभाकांत उपाध्याय, श्री ब्रजेश मिश्रा, श्री शालिग्राम पाण्डेय एवं श्री ओमप्रकाश त्रिवेदी, विद्यालय की उप-प्राचार्या सुश्री चेतना चौहान तथा समता इंटरनेशनल स्कूल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का वातावरण व्याप्त रहा तथा विद्यार्थियों ने चंद्रशेखर आज़ाद के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।