पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप को लिखा पत्र

रतलाम 24जुलाई । शहर में आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से पूर्व महापौर एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शैलेंद्र डागा ने महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। उन्होंने शहर के मध्य स्थित सैलाना बस स्टैंड परिसर की वर्तमान सब्जी नीलामी मंडी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी स्टोरी सब्जी मंडी एवं फल मार्केट विकसित करने का प्रस्ताव रखा है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप को पत्र लिखकर इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया है।
श्री डागा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि रतलाम शहर लगातार विस्तार कर रहा है, लेकिन शहरवासियों के लिए अब तक ऐसी व्यवस्थित और सर्वसुविधायुक्त सब्जी एवं फल मंडी उपलब्ध नहीं है, जहां खरीददारों और व्यापारियों दोनों को पर्याप्त सुविधाएं मिल सकें। माणकचौक स्थित सब्जी मंडी भी अपना अस्तित्व खो चुकी है। श्री डागा का कहना है कि वर्तमान समय की जरूरतों को देखते हुए एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और बहुमंजिला (मल्टी स्टोरी) सब्जी एवं फल मार्केट का निर्माण आवश्यक हो गया है।
उन्होंने सुझाव दिया कि सैलाना बस स्टैंड स्थित सब्जी नीलामी मंडी इस परियोजना के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। यह शहर के मध्य में स्थित होने से सभी क्षेत्रों के नागरिकों के लिए आसानी से पहुंच योग्य है। साथ ही यहां पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था विकसित की जा सकती है, जिससे बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को खरीदारी में सुविधा मिलेगी।
पूर्व महापौर ने कहा कि प्रस्तावित मल्टी स्टोरी मार्केट में पर्याप्त पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, लोडिंग-अनलोडिंग की सुविधा तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया जाना चाहिए। इससे व्यापारियों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा और उपभोक्ताओं को भी व्यवस्थित वातावरण में खरीदारी करने का अवसर मिलेगा।
फुटकर व्यापारियों के लिए भी बने अलग मार्केट
श्री डागा ने अपने पत्र में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे, ठेलों एवं फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले छोटे एवं फुटकर व्यापारियों के लिए भी अलग से सर्वसुविधायुक्त मार्केट विकसित करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि यदि इन व्यापारियों को नियोजित स्थान उपलब्ध कराया जाए तो एक ओर उन्हें स्थायी और सुरक्षित व्यवसायिक वातावरण मिलेगा, वहीं दूसरी ओर सड़कों एवं प्रमुख चौराहों पर होने वाले अतिक्रमण और यातायात बाधाओं से भी काफी हद तक राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजना से शहर का यातायात अधिक व्यवस्थित होगा, आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी और छोटे व्यापारियों के हितों का भी संरक्षण हो सकेगा। श्री डागा 2 वर्ष पूर्व भी इस संबंध में कलेक्टर, नगर निगम और सड़क सुरक्षा समिति को पत्र लिखकर सुझाव दे चुके हैं।
पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप से दोनों प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करते हुए शहर के दीर्घकालिक विकास और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।