एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब (ECC) के सतत प्रयासों से औद्योगिक क्षेत्र रतलाम की विद्युत समस्याओं का हुआ सफल समाधान

रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र रतलाम में लंबे समय से चली आ रही विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब (ECC) के निरंतर प्रयासों से महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। विद्युत विभाग एवं उद्योग संगठनों के समन्वित सहयोग से कई आवश्यक कार्य पूर्ण किए गए हैं, जिससे औद्योगिक इकाइयों को अधिक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

संपन्न प्रमुख कार्य
(1) नवीन डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर) की स्थापना – औद्योगिक इकाइयों में निम्न वोल्टेज की समस्या के समाधान हेतु आवश्यक स्थानों पर नवीन डीपी स्थापित की गईं।
(2) झूलते विद्युत तारों का सुरक्षित ऊंचीकरण – औद्योगिक इकाइयों के ऊपर से गुजर रहे झूलते एवं जोखिमपूर्ण विद्युत तारों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ऊंचा किया गया, जिससे उद्योगों एवं श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
(3) 33 केवी फीडर से कनेक्टिविटी – औद्योगिक क्षेत्र को 33 केवी फीडर से जोड़ने का कार्य पूर्ण किया गया है। इससे भविष्य में अधिक स्थिर, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

संयुक्त प्रयासों से मिला समाधान
इन कार्यों के लिए आयोजित समन्वय बैठक में संभागीय उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री संदीप व्यास, मालवा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रदेश महासचिव श्री वरुण पोरवाल, नमकीन एंड अलाईड फूड क्लस्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री वैभव कुमार जैन, वरिष्ठ उद्योगपति श्री चंद्रप्रकाश अवतानी एवं श्री ललित चोपड़ा ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष उद्योगों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। सकारात्मक संवाद एवं समन्वय के परिणामस्वरूप इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति एवं क्रियान्वयन मिला।

विद्युत विभाग का सराहनीय सहयोग
इन कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने में अधीक्षण यंत्री श्री महेश शर्मा, तत्कालीन कार्यपालन यंत्री श्री भारती तथा वर्तमान कार्यपालन यंत्री (शहर) श्री ओमप्रकाश सेन का उल्लेखनीय सहयोग एवं सक्रिय भूमिका रही। उनके सकारात्मक दृष्टिकोण एवं त्वरित कार्रवाई के कारण उद्योगों की वर्षों पुरानी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव हो सका।

ECC ने जताया आभार
एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब (ECC) से श्री वरुण पोरवाल, श्री संदीप व्यास एवं श्री वैभव कुमार जैन ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत संबंधी समस्याएं उत्पादन क्षमता, औद्योगिक विकास तथा श्रमिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई थीं। विद्युत विभाग के सहयोगात्मक दृष्टिकोण एवं उद्योगपतियों की सहभागिता से इन समस्याओं का समाधान संभव हुआ है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उद्योगों की आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु सभी संबंधित विभागों के साथ इसी प्रकार समन्वय एवं संवाद बनाए रखा जाएगा, ताकि औद्योगिक क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिल सके।
एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब (ECC) अपने मूल ध्येय “सहयोग से समृद्धि, संवाद से सशक्तिकरण” के अनुरूप उद्योगों की समस्याओं के समाधान एवं औद्योगिक विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound