

जावरा (अभय सुराणा) । श्री हनुमान मंदिर, बोर्डिया कुआं के समीप नगर पालिका द्वारा बनाए गए मिनी ट्रेंचिंग ग्राउंड (कचरा अड्डा) को हटाने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर हनुमान भक्त मंडल एवं क्षेत्रीय रहवासियों द्वारा पौधारोपण एवं सम्मान समारोह का आयोजन कर नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के समीप कचरा एकत्र किए जाने की सूचना मिलने पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा स्वयं मौके पर पहुंचे और वस्तुस्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी से मोबाइल पर चर्चा कर मंदिर परिसर के समीप बनाए गए कचरा अड्डे को तत्काल हटाने की मांग की। सकारात्मक पहल करते हुए नगर पालिका प्रशासन ने लगभग 10 दिनों के भीतर वहां से कचरा अड्डा समाप्त कर क्षेत्र को स्वच्छ बना दिया।
नगर पालिका की इस त्वरित कार्रवाई से प्रसन्न होकर हनुमान भक्त मंडल एवं स्थानीय रहवासियों ने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण का संदेश दिया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए सफाई इंचार्ज दशरथ चौहान, दरोगा मांगीलाल, वार्ड,मेट निलेश, परिषद के सम्माननीय पार्षद प्रतिनिधि दशरथ धाकड़ एवं आमिर भाई का शाल, माला एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नगर पालिका परिषद, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, सफाई विभाग एवं सभी सफाई कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक स्थल के आसपास स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समय रहते प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम सराहनीय है और इससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ है।
कार्यक्रम में हनुमान भक्त मंडल के सदस्यों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन के इस जनहितैषी निर्णय की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए इसी प्रकार की जनसहभागिता और प्रशासनिक सहयोग बनाए रखने का संकल्प लिया।