गुरु पूर्णिमा पर धर्म, भक्ति और संस्कृति का संगम

सकल पंच दर्जी समाज मनाएगा ऐतिहासिक गुरु पूर्णिमा महोत्सव, वाहन रैली, भजन संध्या, कलश यात्रा और महाप्रसादी रहेगी आकर्षण का केंद्रबिंदु

जावरा (अभय सुराणा) । सकल पंच दर्जी समाज, के तत्वावधान में दर्जी समाज महिला मंडल, श्री गुरु टेकचंद धाम निर्माण समिति एवं दर्जी समाज नवयुवक मंडल के संयुक्त सहयोग से 28 एवं 29 जुलाई 2026 को दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है तथा सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, विशाल वाहन रैली, भजन संध्या, चल समारोह, कलश यात्रा, महाआरती एवं महाप्रसादी जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार 28 जुलाई (मंगलवार) को प्रातः 10 बजे श्री सत्यनारायण मंदिर, लालागली, जावरा में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन होगा। इसके पश्चात सायं 4 बजे श्री गुरु टेकचंद धाम भूमि स्थल, भोजपुरा (जावरा) से विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल होंगे। रात्रि में आयोजित होने वाली भव्य भजन संध्या में श्रद्धालु गुरु भक्ति के रस में सराबोर होंगे। इस आयोजन के लाभार्थी श्री रमेशचंद्र परमार एवं श्री रितेश परमार (तालीबाना वाले) रहेंगे।
29 जुलाई (बुधवार) को प्रातः 6 बजे अभिषेक, 8 बजे भव्य चल समारोह एवं विशाल कलश यात्रा, दोपहर 12 बजे महाआरती तथा 12:30 बजे से महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। महाप्रसादी के लाभार्थी सोलंकी परिवार, बोरखेड़ रहेंगे। महाप्रसादी का आयोजन गीता भवन, रावण द्वार, जावरा में होगा।
समिति ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान 28 जुलाई की शाम एवं 29 जुलाई की सुबह विभिन्न धार्मिक बोलियों का आयोजन भी किया जाएगा। समाज की महिलाओं एवं पुरुषों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु पूर्णिमा का पुण्य लाभ लेने की अपील की गई है। साथ ही चल समारोह में सभी श्रद्धालुओं से केसरिया वस्त्र धारण कर शामिल होने का आग्रह किया गया है, जिससे आयोजन की धार्मिक गरिमा और भव्यता और अधिक बढ़ सके।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए सकल पंच दर्जी समाज, श्री गुरु टेकचंद धाम निर्माण समिति, दर्जी समाज महिला मंडल एवं दर्जी समाज नवयुवक मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound