मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जावरा द्वारा स्वैच्छिकता पर्व

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जावरा द्वारा स्वैच्छिकता पर्व: नवांकुर समिति ने श्री जैन दिवाकर हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया पर्यावरण पर प्रेरक कार्यक्रम, ली गई स्वैच्छिकता की शपथ

जावरा / रिंगनोद (अभय सुराणा) । मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद (जावरा) के तत्वावधान में क्षेत्रभर में ‘स्वैच्छिकता पर्व’ उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में नवांकुर समिति ‘अटल ग्राम विकास सामाजिक संगठन’ द्वारा स्थानीयश्री जैन दिवाकर हायर सेकेंडरी स्कूल में पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सहभागिता पर आधारित एक प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संतुलन और सामुदायिक सेवा में नागरिकों की भूमिका पर गहन चर्चा की गई। उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण और समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने की स्वैच्छिकता की शपथ ली।
इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक श्री युवराज सिंह ने कहा कि स्वैच्छिकता केवल एक अवधारणा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण और समाज सुधार की दिशा में स्वतः प्रेरणा से कदम उठाए, तो एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है। आपने उपस्थित विद्यार्थियों और ग्रामीणों से पौधरोपण और जल संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नवांकुर समिति अटल ग्राम विकास सामाजिक संगठन के अध्यक्ष श्री अभय कोठारी ने अपने संबोधन में स्वैच्छिकता पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाना किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। हमारी समिति लगातार ग्रामीण अंचलों में सामाजिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। आपने छोटे छोटे उदाहरण देते हुए कि अपनी जीवन शेली मे परिवर्तन से ही प्रकृति को सवारा जा सकता हे। आपने उर्जा बचाने, पानी को सहेजने, स्वस्थ जीवन शेली अपनाने एवं पौधारोपण करने का आग्रह किया।
सामाजिक कार्यकर्ता श्री वीरेंद्र सिंह चौहान ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं एवं बच्चों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने और सिंगल-यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, आशु भाषण प्रतियोगिता आयोजित
कार्यक्रम के दौरान जैन दिवाकर विद्यालय के बच्चों के लिए पर्यावरण विषय पर तत्कालीन भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने बिना किसी पूर्व तैयारी के पर्यावरण की वर्तमान स्थिति, वृक्षारोपण के लाभ और जल संरक्षण जैसे विषयों पर अपने बेबाक और ओजस्वी विचार व्यक्त किए, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम में बच्चों को तत्कालीन भाषण एवं श्रेष्ठ विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया साथ ही जलमित्र समाचार पत्रिका छात्रों एवं प्रबंधक श्री अभय श्रीमाल को भेट की ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मां सरस्वती के मंदिर पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया गया। स्वागत विधालय के प्रबंधक श्री डिम्पल श्रीमाल एवं प्राचार्य मुकेश विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के संचालक श्री अभय श्रीमाल ने सभी अतिथियों, जन अभियान परिषद के पदाधिकारियों, नवांकुर समिति के सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार सदैव ऐसे सामाजिक व पर्यावरण हितैषी अभियानों में अग्रसर रहकर अपनी सहभागिता दर्ज कराता रहेगा। कार्यक्रम का प्रभावी एवं ओजस्वी संचालन श्री पारस पाटीदार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, नवांकुर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound