
रतलाम। वृद्धाश्रम के बुजुर्गों एवं बस्ती के बच्चों के ह्रदय उस समय आनंद से लबालब हो गया जब रोटरी क्लब रतलाम प्राइम द्वारा उन्हें अपने अपने स्थान से लाकर श्रीमद्भागवत का श्रवण कराया और फिर वापस अपने अपने स्थान पर भी पहुँचाया। क्लब के अध्यक्ष गौरव ऐरन एवं सचिव विकास छाजेड़ ने बताया कि रोटरी क्लब रतलाम प्राइम द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में क्लब के सदस्यों ने वृद्धाश्रम से लगभग 20 बुजुर्गों को एवं बस्ती से 15 बच्चों को कथा स्थल तक लाकर उन्हें कथा श्रवण कराई तथा कथा के पश्चात सुरक्षित उनके अपने गंतव्य तक भी पहुँचाया। इस सेवा कार्य से बुजुर्गों एवं बच्चों के चेहरों पर आनंद के भाव साफ साफ दिखाई दे रहें थे। श्रीमद्भागवत कथा का आनंद लेने के बाद बुजुर्गों ने क्लब के सदस्यों को हृदय से आशीर्वाद दिया और कहा कि इस सेवा से उन्हें आत्मिक शांति एवं सुकून की अनुभूति हुई। बच्चों ने भी कथा का आनंद लेते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब रतलाम प्राइम के द्वारा चलाए जा रहें सेवा कार्यों के अंतर्गत क्लब द्वारा निरंतर एवं विभिन्न जनसेवा के कार्य किया जा रहें है। बुजुर्गों एवं बच्चों के इस अनूठे आत्मिक – आध्यात्मिक सेवा कार्य में क्लब अध्यक्ष गौरव ऐरन, सचिव विकास छाजेड़, मिलेश कटकानी, नितिका ऐरन, पूजा छाजेड़, टीना सुरेखा, रानी दलाल, प्रीति राजपाल सहित क्लब के अन्य सदस्यों की विशेष भूमिका रही। रोटरी क्लब रतलाम प्राइम के पदाधिकारियों का कहना है कि यह सेवा अभियान प्रतिदिन जारी है जिसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ना है तथा रोटरी के “स्वार्थ से ऊपर उठकर सेवा” की भावना को साकार करना है।