“एक कदम सुरक्षा की ओर” अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को किया जागरूक





रतलाम, 06 अगस्त। रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम, रेल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा यात्रियों एवं आमजन में रेल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में गुरुवार को मंडल स्तरीय संयुक्त समिति द्वारा विशेष सुरक्षा निरीक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विशेष निरीक्षण वाहन (SPIC) के माध्यम से पालिया–लक्ष्मीबाई नगर–इंदौर रेल खंड के साथ ही इंदौर–राऊ तथा इंदौर–लक्ष्मीबाई नगर–मांगलिया गाँव रेल खंड के संवेदनशील एवं अतिप्रभावित क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत आवागमन वाले स्थानों की समीक्षा की गई तथा क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल की शीघ्र मरम्मत, आवश्यकतानुसार नई बाउंड्री वॉल के निर्माण एवं चेतावनी बोर्ड स्थापित करने के निर्देश संबंधित इंजीनियरिंग विभाग को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों को रेलवे ट्रैक का अनधिकृत उपयोग करने एवं ट्रेसपास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत प्रभावी एवं नियमित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसी क्रम में “एक कदम सुरक्षा की ओर” अभियान के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल द्वारा इंदौर एवं उज्जैन रेलवे स्टेशनों पर विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 स्थित प्रतीक्षालय में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट इंदौर की टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को रेल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने अथवा उतरने का प्रयास न करने, रेलवे ट्रैक पार न करने, रेलवे परिसर में वीडियो अथवा रील बनाने से बचने तथा चलते समय मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाले गंभीर खतरों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आत्महत्या की रोकथाम एवं सुरक्षित रेल यात्रा के महत्व पर भी प्रभावी संदेश दिए गए। इस दौरान बताया गया कि इस प्रकार की लापरवाही न केवल जानलेवा सिद्ध हो सकती है, बल्कि रेलवे अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत यह दंडनीय अपराध है, जिसके लिए जुर्माना एवं कारावास का प्रावधान है।
अभियान के दौरान यात्रियों से रेल सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। साथ ही इंदौर एवं उज्जैन रेलवे स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से नियमित रूप से रेल सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित करने के निर्देश भी दिए गए।
“एक कदम सुरक्षा की ओर” अभियान के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं संवेदनशील रेल खंडों पर भविष्य में भी नियमित रूप से संयुक्त सुरक्षा निरीक्षण, जनसंवाद, नुक्कड़ नाटक, सुरक्षा जागरूकता अभियान एवं प्रवर्तन कार्रवाई संचालित की जाएगी, जिससे यात्रियों एवं आमजन में रेल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े तथा सुरक्षित रेल यात्रा की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
यह अभियान अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) श्री कुंजीलाल मीना के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल श्री अमित प्रकाश मिश्र के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल, इंजीनियरिंग, परिचालन, वाणिज्य तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।