पिपलोदा बागला स्टेशन पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का सफल कमीशनिंग

रतलाम 06 अगस्त। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा रेलवे संरक्षा एवं परिचालन दक्षता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। पश्चिम रेलवे रतलाम मण्‍डल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नागदा–भोपाल रेलखंड के पिपलोदा बागला स्टेशन पर पुरानी सिग्नलिंग प्रणाली के स्थान पर नवीन इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग 31 जुलाई 2026 को किया गया। यह कार्य निर्धारित 10 घंटे के नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक के दौरान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। एनआई ब्लॉक प्रातः 08:40 बजे लिया गया तथा सभी कार्य समय से पूर्व पूर्ण करते हुए 17:10 बजे रेल परिचालन पुनः बहाल कर दिया गया।
नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में 28 रूट, 4 रनिंग लाइन, 3 बैलास्ट साइडिंग, 16 सिग्नल, 16 पॉइंट (जिनमें 12 मोटर संचालित एवं 2 की-लॉक पॉइंट) तथा 27 डीसी ट्रैक सर्किट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त स्टेशन पर नवीन इंटीग्रेटेड पावर सप्लाई प्रणाली, बैटरी बैंक, उन्नत डाटा लॉगर, फायर अलार्म सिस्टम, फ्यूज ऑटो चेंजओवर सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक लाइटनिंग डिवाइस तथा ब्लॉक कार्य के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं भी स्थापित की गई हैं।
इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली लागू होने से सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता एवं संरक्षा में वृद्धि होगी, ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा तथा अनुरक्षण कार्यों में भी सुविधा मिलेगी। यह परियोजना रतलाम मंडल द्वारा आधुनिक तकनीक अपनाकर रेलवे अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *