रतलाम मंडल के विद्युत विभाग के कर्मचारी ने सीपीआर देकर यात्री की बचाई जान

चलती ट्रेन में साइलेंट हार्ट अटैक आने पर ऑन ड्यूटी कर्मचारी ने दिखाई तत्परता, यात्री सुरक्षित

रतलाम 07 अगस्त। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल अपने यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं उत्कृष्ट सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। मंडल के कर्मचारी अपने नियमित दायित्वों के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी यात्रियों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। इसी सेवा भावना, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए विद्युत विभाग के ऑन ड्यूटी कर्मचारी श्री जीशान अली ने समय पर सीपीआर देकर ट्रेन में एक यात्री की जान बचाकर मानवता और रेल सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 07 अगस्त 2026 की गाड़ी संख्या 14802 में यात्रा कर रहे श्री मनोज वर्मा कोच SE-2, PNR 8451838451 को अचानक साइलेंट हार्ट अटैक आया, जिससे वे अचेत होकर गिर पड़े और उनकी सांसें रुकने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन में ड्यूटी पर कार्यरत विद्युत विभाग के कर्मचारी श्री जीशान अली ने बिना समय गंवाए उन्हें सीपीआर देना प्रारंभ किया। लगातार एवं सही तरीके से सीपीआर देने के परिणामस्वरूप कुछ ही मिनटों में यात्री की सांसें वापस आने लगीं तथा उनकी स्थिति में सुधार हुआ। इसके बाद अन्य यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों की सहायता से उन्हें तत्काल चिकित्सीय उपचार उपलब्ध कराया गया।
यात्री श्री मनोज वर्मा एवं उनके परिजनों ने श्री जीशान अली के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई और सीपीआर की जानकारी के कारण आज उनका जीवन सुरक्षित है। उपस्थित यात्रियों ने भी श्री जीशान अली के इस साहसिक एवं मानवीय कार्य की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *