मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्राम किशनगढ़, आलोट तहसील एवं जनपद पंचायत का किया निरीक्षण

ई-ऑफिस, राजस्व अभिलेख एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

रतलाम । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम किशनगढ़ भ्रमण के दौरान आलोट तहसील कार्यालय एवं जनपद पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ई-ऑफिस व्यवस्था का अवलोकन किया तथा स्वयं कंप्यूटर पर ई-ऑफिस प्रणाली संचालित कर उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया तथा न्यायालयीन प्रकरणों, निर्वाचन संबंधी कार्यों एवं राजस्व मामलों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने जनपद पंचायत आलोट का निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सुदूर संपर्क सड़क परियोजनाओं के पूर्ण एवं शेष कार्यों की स्थिति की जानकारी ली तथा कार्यों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री सोनकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप प्रशासनिक सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जाए तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *