रतलाम 11 अगस्त । कलेक्टर कार्यालय रतलाम में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 87 आवेदन प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में प्राप्त निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से समाधान कराया गया। शेष आवेदनों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान अशोक नगर निवासी श्रीमती यास्मीन ने अपने पुत्र के विद्यालय से स्थानांतरण प्रमाण पत्र दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन पर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम सीखेड़ी निवासी श्रीमती देव कुंवर ने अपने पति की मृत्यु के पश्चात मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत कराने हेतु आवेदन दिया। इस प्रकरण के निराकरण के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत रतलाम को निर्देशित किया गया।
ग्राम कलालिया निवासी श्री जगदीशनाथ ने भूमि अभिलेखों में पिता के नाम के संशोधन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जावरा को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित राजस्व, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, पंचायत तथा अन्य नागरिक समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।