अखंड भारत संकल्प दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रहित का संकल्प

रतलाम। सरस्वती विद्या मंदिर, काटजू नगर रतलाम में अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र का पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
मुख्य अतिथि MIC सामान्य प्रशासन विभाग श्री धर्मेंद्र व्यास ने कहा कि “भारत को पुनः अखंड बनाने के लिए संकल्पित होकर कार्य करना हम सभी का दायित्व है। आज के भारत और 80 वर्ष पूर्व के भारत में काफी परिवर्तन आया है।अखंड भारत स्मृति दिवस जैसी गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने में सरस्वती शिशु मंदिर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। रतलाम को आगामी वर्ष सरस्वती विद्या मंदिर में सीबीएसई पैटर्न की व्यवस्था भी मिलने जा रही है।”
प्रबंध कार्यकारिणी शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सखलेचा ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि वे ऐसी संस्था में अध्ययन कर रहे हैं, जहां राष्ट्रभक्ति एवं देशभक्ति के संस्कार दिए जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अखंड भारत के पुनः स्वरूप लेने तथा भारत माता के कटे हुए अंगों को पुनः जोड़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
समिति के सचिव श्री शैलेंद्र सुरेका ने अतिथि परिचय कराते हुए कहा कि हमने जो खोया है, उसे सदैव स्मृति में रखना चाहिए, ताकि उसे पुनः प्राप्त करने की ललक बनी रहे।
कार्यक्रम में भैया-बहनों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों ने अखंड भारत का मानचित्र उकेरकर देश को पुनः अखंड बनाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय पर्व की पूर्व बेला में कक्षा तृतीया से द्वादशी तक के विद्यार्थियों ने कक्षाओं को आकर्षक रूप से सजाकर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।
अतिथियों का स्वागत श्री चंद्रसिंह देवड़ा, श्री अरविंद सेठिया एवं श्रीमती मीना शर्मा ने किया। कार्यक्रम में सरस्वती शिशु शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष श्री सुनील लाठी, श्रीमती दीपाली भाटी, वरिष्ठ सदस्य श्री जवाहर चौधरी, प्राचार्या श्रीमती वत्सला रूनवाल सहित सभी आचार्य एवं दीदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूजा जोशी दीदी ने किया। वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *