

अहमदाबाद। इंडियन बैंक शाहीबाग शाखा, जेसीआई शाहीबाग तथा वी.आर. हॉस्पिटल, शाहीबाग के संयुक्त तत्वावधान में इंडियन बैंक के 120वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार, 13 अगस्त को इंडियन बैंक शाहीबाग शाखा परिसर में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
जेसीआई शाहीबाग के पूर्व अध्यक्ष मुकेश आर.चौपड़ा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ प्रातः 11 बजे हुआ। आयोजन का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करना तथा जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
इंडियन बैंक शाहीबाग शाखा के शाखा प्रबंधक भरत पटेल एवं जेसीआई शाहीबाग के अध्यक्ष सीए अनिल जीवावत ने उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करते हैं।
जेसीआई शाहीबाग के संस्थापक अध्यक्ष जेएफपी अशोक बाफना ने शिविर की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों एवं सदस्यों को बधाई दी तथा भविष्य में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी ऐसे जनसेवी स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के साथ ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जांच की गई। इसके अलावा विभिन्न रक्त एवं अन्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गई। वी.आर. हॉस्पिटल के फाउंडर एवं जनरल फिजिशियन डॉ. विमल रांका तथा उनकी टीम, बरखा डेंटल क्लिनिक की डॉ. बरखा उद्यानी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कांतिलाल जैन, सर्जन डॉ. स्नेह शाह सहित चिकित्सकीय टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए सैकड़ों लोगों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन दिया।
आयोजन के समापन पर शिविर में सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सकों एवं हॉस्पिटल टीम का सम्मान कर उनके सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर इंडियन बैंक के जोनल मैनेजर अहमदाबाद प्रभातरंजन सिन्हा, जेसीआई शाहीबाग के संस्थापक अध्यक्ष अशोक बाफना, अध्यक्ष सीए अनिल जीवावत, इंडियन बैंक शाहीबाग शाखा प्रबंधक भरत पटेल, वी.आर. हॉस्पिटल के फाउंडर डॉ. विमल रांका, जेसीआई शाहीबाग के पूर्व अध्यक्ष मुकेश चौपड़ा, नरेश हुंडिया, सचिव विमल बागरेचा, कोषाध्यक्ष अंकित कोठारी, प्रोजेक्ट चेयरमैन एवं उपाध्यक्ष मुकेश लुंकड, शाहीबाग काउंसलर माया जैन , डॉ. हितेश पटेल विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान विभाग, गुजरात विश्वविद्यालय , पुलिस सब-इंस्पेक्टर एस. ए. दुर्रानी, ट्रैफिक पुलिस स्टेशन सहित जेसीआई के अनेक सदस्य, बैंक स्टाफ एवं नागरिक उपस्थित रहे।
सेवा, सहयोग और स्वास्थ्य जागरूकता के इस संयुक्त प्रयास ने सामाजिक उत्तरदायित्व की एक सार्थक मिसाल प्रस्तुत की।