आजादी के तरानों से सराबोर हुआ घंटाघर, “एक दुलारा देश हमारा, प्यारा हिंदुस्तान” में कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां


उज्जैन। “आओ जरा याद उन्हें भी कर लें, जो लौटकर फिर वापस न आए…” की भावपूर्ण स्मृति के साथ स्वतंत्रता दिवस की शाम घंटाघर (टॉवर चौक) देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। स्वर्णिम भारत मंच के तत्वावधान में आयोजित भव्य देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम “एक दुलारा देश हमारा, प्यारा हिंदुस्तान” लगातार 16वें वर्ष उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के पूजन एवं आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात मुक्ताकाशी मंच से शहर के प्रतिभाशाली कलाकारों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों एवं अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
देशभक्ति गीतों एवं प्रस्तुतियों के दौरान पूरा घंटाघर परिसर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के उद्घोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में ज्वलंत शर्मा एवं अमित शर्मा की टीम द्वारा संगीत संयोजन किया गया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने राष्ट्रप्रेम, त्याग, शौर्य एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
ग्रामीण अंचलों से आए स्कूली बच्चों ने दी आकर्षक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में ग्रामीण अंचलों से आए स्कूली बच्चों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। नरवर के शासकीय विद्यालय एवं ज्ञानोदय स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बच्चों ने देशभक्ति की धुनों पर शानदार बैंड प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने योग के विभिन्न आसनों एवं अभ्यासों का आकर्षक प्रदर्शन किया, वहीं बेटियों ने आत्मरक्षा के विभिन्न कौशलों का प्रभावी प्रदर्शन कर महिला सशक्तिकरण एवं बेटियों की आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। ग्रामीण अंचल से आए बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतियों को उपस्थित नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
आम नागरिकों ने की भारत माता की आरती
स्वर्णिम भारत मंच द्वारा इस वर्ष भी ऐसी पहल की गई, जिसमें आम नागरिकों को भारत माता की आरती एवं आजादी के जश्न में सीधे सहभागी बनने का अवसर मिला। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भारत माता की आरती की और राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन को यादगार बनाया।
स्वर्णिम भारत मंच के अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव ने कहा कि आमतौर पर स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम स्कूलों, संस्थानों अथवा संगठनों तक सीमित रह जाते हैं, लेकिन मंच का प्रयास है कि आजादी का पर्व हर नागरिक का पर्व बने।
इसी उद्देश्य को लेकर स्वर्णिम भारत मंच पिछले 16 वर्षों से “एक दुलारा देश हमारा, प्यारा हिंदुस्तान” कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। मंच की इस पहल ने उज्जैनवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक साथ आकर भारत माता की आरती करने, शहीदों को नमन करने और राष्ट्रभक्ति के उत्सव में सहभागी बनने का अवसर प्रदान किया है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आम नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति, पूर्व सैनिकों एवं सामाजिक संगठनों ने सहभागिता कर यह संदेश दिया कि आजादी का जश्न किसी एक संस्था या वर्ग का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का उत्सव है।
जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यजनों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में समाजसेवी नारायण यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, भाजपा नगर महामंत्री आनंद सिंह खींची, एल्डरमैन अशोक देवड़ा, पूर्व निगम अध्यक्ष सोनू गेहलोत, पार्षद सुशील श्रीवास, योगेश ठाकुर, शशिराज भटनागर, अंसार अहमद हाथी वाला, पूर्व निगम अध्यक्ष देवास, जुलेफेज अली जाफरी, उर्मिला श्रीवास्तव, पूर्व सूबेदार कमल सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
स्वर्णिम भारत मंच के अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर संस्था द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम लगातार 16 वर्षों से शहर में देशभक्ति की अलख जगाने का कार्य कर रहा है और अब यह आयोजन उज्जैन की एक विशेष पहचान बन चुका है। हर वर्ष नागरिकों का बढ़ता उत्साह इस आयोजन को और अधिक भव्य एवं सार्थक बना रहा है।
भारत माता की आरती में उमड़ा राष्ट्रप्रेम
कार्यक्रम संयोजक चेतन अहिरवार एवं कार्यक्रम अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि उज्जैनवासियों एवं पूर्व सैनिकों की ओर से भारत माता का पूजन एवं आरती की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भी सहभागिता की। भारत माता की आरती के दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
इस अवसर पर वीर शहीदों को नमन करते हुए उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।
पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की मेहनत से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम की सफलता में स्वर्णिम भारत मंच के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों की अथक मेहनत और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कई दिनों से चल रही तैयारियों से लेकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, कलाकारों के समन्वय, अतिथियों के स्वागत एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तक कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जितेंद्र बैरागी, शकेब अख्तर कुरैशी, अभय नरवरिया, वीरेंद्र सिंह ठाकुर, चेतन अहिरवार, दिगपाल सिंह, संजय श्रीवास्तव, प्रकाश पाल, लोकेंद्र रामी, कल्याण सिंह राजावत, अर्जुन सिंह सिसोदिया, रजनी कुलश्रेष्ठ, नेहा श्रीवास्तव, शशि श्रीवास्तव, पिंकी श्रीवास्तव, सीमा निगम, चेतना रामी सहित आयोजन समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्वर्णिम भारत मंच ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कलाकारों, अतिथियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं समस्त उज्जैनवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।