
इंदौर। भारत वर्षीय दिगम्बर जैन समाज द्वारा 23वें तीर्थंकर श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक के उपलक्ष्य में मोक्ष सप्तमी महोत्सव का भव्य आयोजन पुरे भारत में मनाया जाएगा।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि परम पूज्य निर्यापक श्रमण तीर्थचक्रवर्ती मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के पावन सानिध्य में यह आयोजन 19 अगस्त 2026, बुधवार को प्रात: 7:00 बजे से दलाल बाग, छत्रपति नगर, इंदौर में बड़ी भक्ति से सम्पन्न होगा। इस अवसर पर 351 किलो का निर्वाण लाडू समर्पित किया जाएगा। आयोजक सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति इंदौर के अनुसार कार्यक्रम प्रात: 7:00 बजे से प्रारंभ होगा। इस मंगल अवसर पर श्रद्धालु भक्ति, आराधना एवं पुण्यार्जन के सहभागी बनेंगे।
विशेष आकर्षण – महोत्सव में निम्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
(1) भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा: पार्श्व प्रभु की प्रतिमा का विधि-विधान से अभिषेक कर शांतिधारा की जाएगी।
(2) संगीतमय पूजन: भजन और संगीत के साथ प्रभु की आराधना होगी।
(3) निर्वाण काण्ड: भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक का पाठ और भावपूर्ण स्मरण।
(4) मंगल प्रवचन: मुनि श्री सुधासागर जी महाराज धर्मसभा को सम्बोधित कर भगवान पार्श्वनाथ की महिमा बताएंगे।
आयोजकों का संदेश
समिति ने कहा सजेगा पार्श्व प्रभु का दिव्य दरबार, गुंजेगा णमोकार मंत्र बारम्बार। अर्घ्य समर्पित कर करें पुण्य का अर्जन, पार्श्व प्रभु के चरणों में हो भावों का समर्पण। धर्म प्रभावना समिति ने नगर के सभी श्रावक-श्राविकाओं से सपरिवार पधारकर इस पावन अवसर पर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।
पार्श्वनाथ भगवान का महत्व
23वें तीर्थंकर श्री पार्श्वनाथ भगवान ने अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह का मार्ग दिया। उनके मोक्ष कल्याणक का दिन जैन समाज के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है।
आयोजक – सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति इंदौर ने समाजजनों ने आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहकर धर्म लाभ लेंवे ।