जावरा (अभय सुराणा ) । वर्तमान में संपूर्ण मध्यप्रदेश में खाद्य पदार्थों में हो रही मिलावट के खिलाफ शासन द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले में भी खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा लगातार सैंपलिंग एवं कार्यवाही की जा रही है।इस संबंध में जानकारी देते हुए किराना व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष संजय सुराणा एवं सचिव झामनदास देवानी ने बताया कि मिलावटखोरी न केवल आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि ईमानदार व्यापारियों की छवि को भी नुकसान पहुंचाती है।
उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण माल ही बेचें। कोई भी व्यापारी कम मुनाफे के लालच में मिलावटी सामान न खरीदे और न ही बेचे। शासन के इस अभियान में हम सबको सहयोग करना चाहिए ताकि आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके। जो भी व्यापारी ईमानदारी से व्यापार कर रहे हैं, एसोसिएशन सदैव उनके साथ है।