श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथ यात्रा का गुलाब चक्कर से हुआ शुभारंभ





रतलाम 20 अगस्त । संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन दर्शन तथा समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथ यात्रा का शुभारंभ गुरुवार को गुलाब चक्कर से हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
शुभारंभ अवसर पर बीकानेर राजगुरु निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर विशोकानंद भारती महाराज, श्री देवस्वरूप महाराज, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लाला बाई शंभुलाल चंद्रवंशी, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जिला अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
यात्रा गुलाब चक्कर से प्रारंभ होकर नगर निगम, महलवाड़ा, पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार एवं हरमाला रोड होते हुए संत रविदास चौक पहुंची, जहां संत रविदास मंदिर पर यात्रा का समापन हुआ। रविदास मंदिर में आरती भी की गई। यात्रा के दौरान संत रविदास महाराज के विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश से आमजन को अवगत कराया गया।
संत रविदास महाराज ने सभी को साथ लेकर समरसता का संदेश दिया
शुभारंभ अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर विशोकानंद भारती महाराज ने कहा कि संत रविदास महाराज ने सभी को साथ लेकर समरसता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हम सांसारिक कार्यों में व्यस्त रहते हुए ईश्वर को अलग समझते हैं, जबकि हम सभी में ईश्वर का वास है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों को समझना चाहिए और अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए। सभी मिल-जुलकर रहें और रतलाम के विकास के लिए सामूहिक रूप से चिंतन करें।
जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि यह कलश रथ यात्रा पूरे जिले में भ्रमण करेगी। प्रदेश के साथ देशभर में संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज ने सामाजिक समरसता एवं समानता का संदेश दिया, जिसे प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया।
विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने कहा कि शासन द्वारा महापुरुषों के सिद्धांतों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। संत रविदास महाराज के जीवन दर्शन और उनके सिद्धांत समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
20 अगस्त से 10 सितंबर तक जिलेभर में पहुंचेगी यात्रा
श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथ यात्रा 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामों में पहुंचेगी। यात्रा के दौरान संत रविदास महाराज के जीवन दर्शन, सामाजिक समरसता, समानता, सेवा एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यात्रा का उद्देश्य समाज में समरसता, समानता एवं सामाजिक सद्भाव की भावना को और मजबूत करना है। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर द्वारा किया गया एवं आभार श्री देवेंद्र कोठारी द्वारा माना गया।
इसके साथ ही अन्य जनप्रतिनिधि में श्री जयवंत कोठारी, श्री रमेश मालवीय, श्री प्रताप सिह चौहान, श्री शैलेन्द्र डागा, श्री बजरंग पुरोहित उपस्थित थे।