जावरा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : मिलावट की आशंका पर 30 हजार की सामग्री जब्त

घी और कुकिंग मीडियम के लिए गए नमूने, जांच के लिए भोपाल भेजे; रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

जावरा (अभय सुराणा) । खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने जावरा में कार्रवाई करते हुए करीब 30 हजार रुपए मूल्य की घी एवं कुकिंग मीडियम की सामग्री जब्त की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल ने 62 कोठी बाजार स्थित ज्ञानी ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिलावट की आशंका के चलते खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
कार्रवाई के दौरान श्री अंजनी बफेलो घी पैक और एस कुकिंग मीडियम के नमूने मानक स्तर की जांच के लिए लिए गए। विभाग ने मौके से श्री अंजनी बफेलो घी की 9 लीटर सामग्री, जिसकी कीमत 4,050 रुपए तथा एस कुकिंग मीडियम की 72 लीटर सामग्री, जिसकी कीमत 20,880 रुपए बताई गई है, जब्त की।
विभाग के अनुसार दोनों उत्पादों की कुल 29,930 रुपए मूल्य की सामग्री जप्त की गई है। लिए गए दोनों नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।

रिपोर्ट के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं, यह स्पष्ट होगा। यदि जांच में किसी प्रकार की मिलावट अथवा मानक का उल्लंघन पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *