गाड़ी संख्या 19020 में यात्रा कर रहे 16 वर्षीय किशोर को सुरक्षित रेल सुरक्षा बल को सौंपा गया

रतलाम । पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल में यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के प्रति रेलकर्मियों की सजगता और संवेदनशीलता का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ड्यूटी के दौरान रेलकर्मी की सतर्कता से एक 16 वर्षीय किशोर को सुरक्षित संरक्षण प्रदान करते हुए रेल सुरक्षा बल को सुपुर्द किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 20 अगस्त 2026 को गाड़ी संख्या 19020 के जनरल कोच में यात्रा कर रहे एक 16 वर्षीय किशोर पर ड्यूटी पर तैनात डिप्‍टी सी.टी.आई रतलाम श्री विनोद कुमार की नजर पड़ी। बातचीत के दौरान किशोर द्वारा बताया गया कि वह अपने घर से बिना बताए चला आया है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए श्री विनोद कुमार ने तत्काल आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा मामले को सी.एम.ई (कंट्रोल)/रतलाम को अवगत कराया। इसके पश्चात किशोर की सुरक्षा एवं उसके हित को ध्यान में रखते हुए उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए रेल सुरक्षा बल को सुरक्षित रूप से सुपुर्द किया गया। सुपुर्द किए गए नाबालिग के परिवार से भी बात की गई जिनके द्वारा बताया गया कि बिना बताए घर से चल गया था जिसके बारे में सोशल मीडिया में भी गुमशुदगी की खबर प्रसारित की गई थी।
रेलवे कर्मचारी की सजगता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण किशोर को समय रहते सुरक्षित संरक्षण मिल सका। रतलाम मंडल अपने यात्रियों की सुरक्षित एवं सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *