शिव सेवा से प्रकृति सेवा की ओर बढ़ने का देगी संदेश


रतलाम। अखिल विश्व गायत्री परिवार की रतलाम शाखा, युवा प्रकोष्ठ एवं महिला मंडल के संयुक्त प्रयास से गायत्री परिवार द्वारा संचालित एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित वैश्विक “वृक्षगंगा अभियान” के अंतर्गत “वृक्षगंगा कावड़ यात्रा” का आयोजन रविवार, 23 अगस्त को किया जा रहा है। इस अनूठी एवं अनुपम यात्रा का शुभारंभ प्रातः 8:30 बजे स्थानीय कालिका माता मंदिर से होगा। यात्रा दो बत्ती न्यू रोड से होते हुए सिविक सेंटर स्थित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।यात्रा का उद्देश्य हरीतिमा विस्तार, पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन, हरियाली के प्रति जनजागरूकता तथा जनमानस की सामूहिक सहभागिता बढ़ाना है। सावन में भगवान शिव की आराधना के साथ प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को जोड़ते हुए यात्रा का संदेश है—“शिव सेवा से प्रकृति सेवा की ओर।”
गायत्री परिवार नगर ट्रस्ट मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा एवं आयोजकों ने रतलाम के सभी पर्यावरण प्रेमियों, युवाओं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, परिवारजनों तथा नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया है। यात्रा में गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं, यज्ञाचार्यों, महिला मंडल की बहनों सहित विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरण प्रेमी संगठनों की सहभागिता रहेगी।